मेडिकल कॉलेज की जमीन पर चला बुलडोजर,37 अवैध निर्माण ध्वस्त

अंबिकापुर। अंबिकापुर में मेडिकल कॉलेज के लिए आवंटित 7 एकड़ बेशकीमती जमीन पर लंबे समय से काबिज अतिक्रमणकारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। मंगलवार सुबह भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन ने 37 अवैध मकानों को जमींदोज कर दिया।
कार्रवाई के दौरान माहौल उस वक्त तनावपूर्ण हो गया जब आक्रोशित कब्जाधारियों ने प्रशासनिक टीम और बुलडोजर पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन तैनात पुलिस बल ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। एसडीएम फागेश सिन्हा, एएसपी अमोलक सिंह और तहसीलदार उमेश बाज की मौजूदगी में टीम ने विरोध के बावजूद ध्वस्तीकरण जारी रखा।
फर्जी दस्तावेजों का बड़ा खुलासा
प्रशासनिक जांच में एक बेहद चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है। कब्जाधारियों ने बेदखली से बचने के लिए वन अधिकार पट्टे के जो दस्तावेज पेश किए थे, वे पूरी तरह फर्जी पाए गए।
एसडीएम फागेश सिन्हा ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक उपयोग की जमीन पर कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह और शामिल कब्जाधारियों के खिलाफ अलग से एफआईआर (FIR) दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। कार्रवाई से पहले लोगों को अपना सामान हटाने का समय भी दिया गया था।





