सुशासन तिहार में रेंजर की गैरहाजिरी पर भड़के बृजमोहन, बोले- नोटिस भेजो और सस्पेंड करो

रायपुर। रायपुर जिले के गोबरा नवापारा में आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान एक शिकायत पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल नाराज हो गए।
शिविर में कुलेश्वर महादेव शासकीय महाविद्यालय की बाउंड्री वॉल निर्माण से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान वन विभाग के रेंजर की अनुपस्थिति सामने आने पर सांसद ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
मामला कॉलेज की बाउंड्री वॉल निर्माण पर वन विभाग द्वारा जताई गई आपत्ति से जुड़ा था। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि इस मुद्दे के समाधान के लिए जिम्मेदार रेंजर शिविर में उपस्थित नहीं थे।
इस पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अधिकारियों से पूछा कि संबंधित रेंजर कार्यक्रम में क्यों नहीं पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “रेंजर यहां क्यों नहीं है? उसे शोकॉज नोटिस जारी करो और सस्पेंड करो।”
सांसद ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान करना है। ऐसे महत्वपूर्ण शिविरों में सभी विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के प्रति लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े कई आवेदन और शिकायतें भी सामने आईं। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का निराकरण सात दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय सीमा में समस्याओं का समाधान नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक जवाबदेही, त्वरित समाधान और जनसुनवाई की प्रभावशीलता पर विशेष जोर दिया गया। सांसद ने कहा कि सरकार की मंशा आम लोगों को समय पर राहत पहुंचाने की है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।





