ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बीजापुर में 95 आत्मसमर्पित नक्सलियों को 1.40 करोड़ की प्रोत्साहन राशि: पुनर्वास नीति से मुख्यधारा में लौटने को मिल रहा बढ़ावा

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की नक्सलवादी आत्मसमर्पण, पीड़ित राहत एवं पुनर्वास नीति-2025 के तहत बीजापुर जिले के 95 आत्मसमर्पित नक्सलियों को 1 करोड़ 40 लाख 86 हजार 700 रुपए की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की गई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल और वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा बीजापुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप के निर्देशों के अनुरूप यह राशि आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे नक्सलियों को नया जीवन शुरू करने के लिए दी जा रही है।

बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप ने पुनर्वास नीति के प्रावधानों के अनुसार शस्त्रों के साथ आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को प्रोत्साहन राशि के आहरण और वितरण की स्वीकृति प्रदान की है।

यह आर्थिक सहायता उन्हें सम्मानजनक जीवन, रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से दी जा रही है।

राज्य सरकार का मानना है कि केवल सुरक्षा अभियान ही नहीं, बल्कि प्रभावी पुनर्वास नीति भी नक्सल समस्या के स्थायी समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है।

इसी सोच के तहत आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को आर्थिक सहायता, कौशल विकास, आजीविका के अवसर और समाज में सम्मानजनक पुनर्स्थापना की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कई अवसरों पर कहा है कि सरकार का लक्ष्य नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। पुनर्वास नीति के माध्यम से हिंसा का रास्ता छोड़ चुके लोगों को समाज में नई पहचान और सुरक्षित भविष्य देने का प्रयास किया जा रहा है।

सरकार का मानना है कि इस पहल से बस्तर संभाग में शांति और विकास को नई गति मिलेगी। लगातार बढ़ रहे आत्मसमर्पण के मामलों को पुनर्वास नीति की सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

प्रशासन को उम्मीद है कि इस तरह की योजनाओं से अधिक से अधिक नक्सली हिंसा का रास्ता छोड़कर सामान्य जीवन अपनाने के लिए प्रेरित होंगे, जिससे क्षेत्र में स्थायी शांति और विकास का माहौल मजबूत होगा।

Related Articles

Back to top button