रेलवे के पानी पर सवाल: रेल नीर समेत 13 सैंपल फेल, भोपाल मंडल की जांच रिपोर्ट से बढ़ी चिंता

भोपाल। ट्रेन में सफर के दौरान यात्री सबसे ज्यादा जिस चीज पर भरोसा करते हैं, वह है पीने का पानी। लंबी दूरी की यात्रा में घर से लाया गया पानी खत्म होने के बाद अधिकांश लोग रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में बिकने वाले पैक्ड ड्रिंकिंग वाटर पर निर्भर हो जाते हैं। लेकिन भोपाल रेल मंडल की जांच रिपोर्ट ने यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है।
रेलवे की ओर से जून में चलाए गए विशेष जांच अभियान में पैक्ड ड्रिंकिंग वाटर के 13 सैंपल गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। कैली-लैब्स प्राइवेट लिमिटेड की जांच रिपोर्ट में इन सैंपलों को पीने के लिए असुरक्षित बताया गया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जांच में आईआरसीटीसी के रेल नीर और एक्वियस जैसे ब्रांड के सैंपल भी फेल पाए गए हैं।
रेलवे के चिकित्सा विभाग ने भोपाल, बीना, गुना और इटारसी रेलवे स्टेशनों से पैक्ड पानी और खाद्य सामग्री के नमूने एकत्र किए थे। जांच के दौरान कुछ पानी के नमूनों में असामान्य गंध भी पाई गई। इसके बाद स्टेशनों पर बिकने वाले पैकेज्ड पानी की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, दूषित पानी पीने से पेट दर्द, उल्टी, दस्त, संक्रमण और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों के लिए यह और अधिक खतरनाक साबित हो सकता है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि रेल नीर की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाती है और निर्धारित मानकों के अनुरूप ही इसे स्टेशनों तक पहुंचाया जाता है। अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद पूरे मामले की समीक्षा की जा रही है। यदि किसी अवैध वेंडर या अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान लिए गए अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल संतोषजनक पाए गए। समोसे, कचौरी, चाय, चावल, दाल, बिस्किट और अन्य खाद्य उत्पाद गुणवत्ता मानकों के अनुरूप मिले।





