StateNewsछत्तीसगढ़

सचिन तेंदुलकर-निर्मला सीतारमण के नाम पर 45 लाख की ठगी, 9वीं फेल आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। दुर्ग जिले के भिलाई में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है।

ठगों ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर और समाजसेवी सुधा मूर्ति के नाम का इस्तेमाल कर एक रिटायर्ड बीएसपी कर्मचारी से 45 लाख 18 हजार 998 रुपए की ठगी कर ली।

मामले में पुलिस ने मध्यप्रदेश के बैतूल से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

भिलाई नगर थाना क्षेत्र के हुडको निवासी जयंत बागची (61) भिलाई इस्पात संयंत्र से सेवानिवृत्त हैं। वे भारतीय सेना में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि 10 मार्च 2026 को फेसबुक देखते समय उन्हें निवेश से जुड़ा एक विज्ञापन दिखाई दिया, जिसमें बड़े और चर्चित नामों का इस्तेमाल किया गया था।

विज्ञापन में दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बाद उन्होंने रजिस्ट्रेशन कराया।

इसके बाद कृतिका नाम की एक महिला ने उनसे संपर्क किया और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष निवेश योजना का हवाला देते हुए 18,998 रुपए रजिस्ट्रेशन शुल्क के रूप में जमा करा लिए।

इसके बाद सिद्धार्थ विपुल नाम के व्यक्ति ने खुद को अकाउंट मैनेजर बताते हुए ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश का प्रस्ताव दिया। आरोपियों ने दावा किया कि उनकी कंपनी का कारोबार अमेरिका, ब्रिटेन, जापान और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में संचालित होता है।

आरोपियों ने सोने और ऑयल ट्रेडिंग में ज्यादा मुनाफे का लालच देकर पीड़ित से अलग-अलग तारीखों में लाखों रुपए जमा कराए। इस दौरान उनके ट्रेडिंग अकाउंट में 2.71 लाख अमेरिकी डॉलर का मुनाफा भी दिखाया गया।

जब पीड़ित ने रकम निकालने की कोशिश की तो ठगों ने 15 प्रतिशत टैक्स के नाम पर 34 लाख रुपए और मांगे। बाद में यह राशि घटाकर 12 लाख रुपए कर दी गई।

दूसरे राज्य के बैंक खाते में पैसे जमा कराने की बात सामने आने पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने 1930 साइबर हेल्पलाइन और पुलिस से शिकायत की।

जांच के दौरान पुलिस ने बैतूल निवासी विशाल नागले (24) को गिरफ्तार किया। आरोपी 9वीं तक पढ़ा है और मजदूरी करता है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी है।

Related Articles

Back to top button