बस्तर में खुलेगी पहली रेसिडेंशियल स्पोर्ट्स अकादमी: फुटबॉल, आर्चरी और एथलेटिक्स की मिलेगी ट्रेनिंग

बस्तर। बस्तर के बच्चों की खेल प्रतिभा को नई पहचान देने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग जल्द ही जगदलपुर में पहली आवासीय खेल अकादमी शुरू करने जा रहा है। इस अकादमी में एथलेटिक्स, फुटबॉल और आर्चरी खेलों का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। विभाग ने इसकी तैयारियां तेज कर दी हैं और खिलाड़ियों के चयन के लिए जल्द ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनुजा सलाम ने शनिवार को जगदलपुर पहुंचकर प्रस्तावित अकादमी की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने खेल अधिकारियों के साथ बैठक कर मौजूदा खेल अधोसंरचना, छात्रावास, भोजन व्यवस्था, खेल सामग्री और अन्य सुविधाओं की समीक्षा की। साथ ही प्रस्तावित अकादमी भवन का निरीक्षण कर खिलाड़ियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि यह बस्तर क्षेत्र की पहली रेसिडेंशियल स्पोर्ट्स अकादमी होगी, जहां खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय कोचिंग के साथ आधुनिक सुविधाएं भी मिलेंगी। चयनित खिलाड़ियों को आवास, डाइट, शिक्षा, खेल किट, बीमा, चिकित्सा सुविधा और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भागीदारी का अवसर मिलेगा।
विभाग के अनुसार अकादमी में प्रवेश के लिए जल्द विज्ञापन जारी किया जाएगा। चयन ट्रायल में 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। एथलेटिक्स में 20, फुटबॉल में 25 और आर्चरी में 20 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
संचालक सलाम ने कहा कि बस्तर में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। यहां के बच्चों में नैसर्गिक क्षमता है, जिसे सही प्रशिक्षण और सुविधाओं की जरूरत है। अकादमी शुरू होने से क्षेत्र के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
दौरे के दौरान उन्होंने खेलो इंडिया लघु केंद्र पंडरीपानी में संचालित हॉकी सेंटर का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने छात्रावास, जिम हॉल और उपलब्ध खेल सुविधाओं का जायजा लिया तथा खिलाड़ियों से बातचीत कर प्रशिक्षण और सुविधाओं का फीडबैक भी लिया।





