बाड़मेर सबसे गर्म, 9 शहरों में पारा 44°C पार; उत्तराखंड में बारिश की अलर्ट

दिल्ली। देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कई शहरों में रविवार को तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।
बाड़मेर देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.8°C दर्ज किया गया। वहीं जैसलमेर में 46.3°C और फलोदी में 46°C तापमान रिकॉर्ड हुआ।
मध्य प्रदेश के रतलाम में पारा 45.5°C तक पहुंच गया। राजधानी भोपाल में तापमान 40.4°C दर्ज होने के बावजूद लोगों को 42°C जैसी झुलसाने वाली गर्मी महसूस हुई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री और बढ़ने की संभावना जताई है।
गुजरात के राजकोट और अमरेली में भी हीटवेव जैसे हालात बने रहे। महाराष्ट्र का जलगांव 44.5°C तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। दूसरी ओर बिहार, झारखंड और पूर्वोत्तर राज्यों में आंधी-बारिश का दौर जारी है। बिहार के कैमूर में अधिकतम तापमान 38.4°C दर्ज किया गया।
उत्तराखंड में मौसम विभाग ने 12 और 13 मई को भारी बारिश और खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। खासकर चार धाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से अगले दो दिन यात्रा टालने की अपील की गई है। गढ़वाल कमिश्नर ने यात्रियों को मौसम अपडेट देखकर ही सफर करने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार 12 और 13 मई को उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज आंधी चल सकती है। वहीं छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड में बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है।





