StateNewsदेश - विदेश

उत्तर प्रदेश का बांदा बना दुनिया का सबसे गर्म शहर: पारा 47.6°C, देशभर में हीटवेव का कहर

दिल्ली। उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत उत्तर भारत में गर्मी ने सोमवार को सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। यूपी का बांदा 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ दुनिया का सबसे गर्म शहर बन गया। इससे पहले यहां 30 अप्रैल 2022 और 25 अप्रैल 2026 को 47.4°C अधिकतम तापमान दर्ज हुआ था। इस बार अप्रैल में ही नया रिकॉर्ड बनना चिंताजनक माना जा रहा है।

राजस्थान के जैसलमेर में 46.6°C तापमान दर्ज किया गया, जो पिछले रिकॉर्ड 46.3°C से अधिक है। मध्य प्रदेश के खजुराहो में पारा 46°C तक पहुंच गया, जो पिछले 10 साल का सबसे ज्यादा तापमान है। इसके अलावा बाड़मेर (46°C), वर्धा (46.5°C), अमरावती (46.6°C) और अकोला (46.3°C) भी भीषण गर्मी की चपेट में रहे। देशभर में अप्रैल के महीने में अब तक 45 बार तापमान 45°C के पार जा चुका है, जिससे यह पिछले चार साल का सबसे गर्म अप्रैल बन गया है।

भीषण गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को अस्पतालों में हीट स्ट्रोक मैनेजमेंट यूनिट शुरू करने के निर्देश दिए हैं। ये यूनिट मरीजों को ‘गोल्डन आवर’ में राहत देने के लिए काम करेंगी, जहां शरीर का तापमान तेजी से कम करने और जरूरी इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी।

मौसम विभाग ने 29 अप्रैल को मध्य प्रदेश, राजस्थान, यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़, दिल्ली समेत कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। वहीं असम और मेघालय में भारी बारिश, जबकि उत्तराखंड में आंधी और ओलावृष्टि की संभावना है। 30 अप्रैल को छत्तीसगढ़ और झारखंड में आंधी-बारिश, जबकि उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ मौसम बदलने के आसार हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन मई के पहले सप्ताह से फिर तापमान 48 से 50°C तक पहुंचने की आशंका है, जिससे लू का प्रकोप और बढ़ सकता है।

Related Articles

Back to top button