StateNewsदेश - विदेशमनोरंजन

गौरव-आकांक्षा के तलाक पर बोले अनुज सचदेवा: ‘गौरव को नहीं पता था कि निजी जिंदगी टीवी पर साझा की जाएगी’

मुंबई। टीवी अभिनेता गौरव खन्ना और उनकी पत्नी आकांक्षा चमोला के अलग होने की खबरों के बीच अब गौरव के करीबी दोस्त और अभिनेता अनुज सचदेवा का बयान सामने आया है। अनुज ने दावा किया कि गौरव को इस बात की बिल्कुल जानकारी नहीं थी कि आकांक्षा रियलिटी शो ‘लॉक अप सीजन 2’ में अपनी निजी जिंदगी और रिश्ते को लेकर सार्वजनिक खुलासा करेंगी।

एक इंटरव्यू में अनुज सचदेवा ने बताया कि खबर सामने आने के बाद उनकी गौरव से बात हुई थी। उन्होंने कहा कि उन्हें भी यह नहीं पता था कि गौरव और आकांक्षा पिछले कई महीनों से अलग रह रहे हैं। अनुज के मुताबिक, गौरव इस खुलासे से पूरी तरह हैरान थे और उन्हें शो में इस तरह की घोषणा की कोई जानकारी नहीं थी।

अनुज ने गौरव का पक्ष रखते हुए कहा कि उन्होंने कभी भी अपनी निजी जिंदगी को सार्वजनिक मंच पर नहीं लाया। उनके अनुसार, गौरव हमेशा आकांक्षा से प्यार करते थे और उन्होंने रिश्ते को पूरी गरिमा के साथ निभाने की कोशिश की। शादी में आई परेशानियों को लेकर भी उन्होंने कभी सार्वजनिक बयान नहीं दिया।

आकांक्षा चमोला ने शो के दौरान कहा था कि वह और गौरव पिछले एक साल से अलग रह रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया था कि दोनों के बीच बच्चों को लेकर अलग-अलग सोच थी। इस दावे पर अनुज ने संदेह जताते हुए कहा कि उन्हें नहीं लगता कि यही अलगाव की असली वजह है। उनका मानना है कि यह पूरी तरह दोनों का निजी मामला है और इस पर अटकलें नहीं लगाई जानी चाहिए।

इस बीच गौरव खन्ना ने भी पहली बार प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके मन में आज भी आकांक्षा के लिए सम्मान, प्यार और समर्थन बरकरार है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा आकांक्षा का साथ देंगे और उनके नए शो के लिए शुभकामनाएं भी दीं। दोनों ने वर्ष 2016 में शादी की थी।

Related Articles

Back to top button