StateNewsदेश - विदेश

ITBP DG बोले- अरुणाचल में चीन से टकराव जारी, पुराने तरीकों से मुकाबला मुश्किल

LAC पर भारत ने बढ़ाई तैनाती, ड्रोन और एंटी-ड्रोन क्षमता मजबूत कर रहा सुरक्षा बल

दिल्ली। भारत-चीन सीमा पर अरुणाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में तनाव बरकरार है। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने कहा है कि पिछले कुछ महीनों में दोनों देशों के सैनिक कई जगह आमने-सामने आए हैं।

कुछ क्षेत्रों में टकराव की स्थिति भी बनी है। उन्होंने कहा कि चीन सैन्य तकनीक के मामले में काफी आधुनिक हो चुका है, इसलिए अब उससे मुकाबले के लिए पुराने तरीकों पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है।

कपूर ने गुरुवार को राजस्थान के अलवर स्थित सेंट्रल ट्रेनिंग कॉलेज में हिमवीर सम्मान समारोह के दौरान यह बात कही। उनके मुताबिक, जुलाई के अंत से अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरी जिले के असाफिला और माजा क्षेत्रों में तनाव बना हुआ है। सीमा पर भारत ने भी अपनी तैनाती बढ़ाई है।

LAC के पास चीन की मौजूदगी का दावा

ITBP DG के मुताबिक, चीनी सेना ने वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के पास भारतीय दावे वाले क्षेत्र में करीब 6 से 7 किलोमीटर अंदर ऊंचाई वाले इलाके में तंबू लगाए हैं। इसके जवाब में भारत ने भी अपनी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय बैठकों के बावजूद इन क्षेत्रों में तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।

ड्रोन और एंटी-ड्रोन तकनीक पर जोर

कपूर ने कहा कि ड्रोन ने युद्ध लड़ने के पारंपरिक तरीकों को बदल दिया है। इसे देखते हुए ITBP ड्रोन निर्माण और एंटी-ड्रोन क्षमता विकसित करने पर काम कर रही है। सीमा के पास जरूरी संसाधनों की सुरक्षा के लिए भूमिगत शेल्टर भी बनाए जा रहे हैं।

कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने सीमा पर टकराव को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि चीन के मामले में सरकार की चुप्पी देश के लिए नुकसानदायक रही है।

गौरतलब है कि 15 जून 2020 को गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें 20 भारतीय सैनिक शहीद हुए थे। अरुणाचल प्रदेश को लेकर भी दोनों देशों के बीच लंबे समय से सीमा विवाद जारी है। भारत इस क्षेत्र को अपना अभिन्न हिस्सा मानता है और चीन के दावों का विरोध करता रहा है।

Related Articles

Back to top button