StateNewsदेश - विदेश

गणेश प्रतिमा पर अंडा फेंकने का आरोप: मझगांव में दो पक्षों में झड़प, पुलिस बोली- भीड़ ज्यादा होने से स्थिति संभालने में दिक्कत

मुंबई। महाराष्ट्र के मुंबई स्थित मझगांव इलाके में गणेश प्रतिमा की आगमन यात्रा के दौरान अंडा फेंके जाने के आरोप को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश शुरू की। पुलिस के मुताबिक, मौके पर भीड़ ज्यादा होने के कारण स्थिति संभालने में परेशानी हुई।

गणपति मंडल के डिप्टी सेक्रेटरी विवेक राणे ने आरोप लगाया कि गणेश प्रतिमा की आगमन यात्रा निकाली जा रही थी। इसी दौरान पंडाल से करीब 30 से 40 मीटर दूर स्थित एक इमारत से यात्रा पर अंडे फेंके गए। उन्होंने घटना को आपत्तिजनक बताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

अंडा फेंके जाने की खबर फैलते ही हिंदू संगठनों से जुड़े लोग भी इमारत के बाहर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और बढ़ गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस घटना की परिस्थितियों और अंडा फेंके जाने के आरोप की जांच कर रही है।

मुंबई में 10 हजार से ज्यादा गणेश मंडल

महाराष्ट्र में इस साल गणेशोत्सव 14 सितंबर से शुरू होगा। मुंबई में करीब 10,600 सार्वजनिक गणेश मंडल बताए गए हैं। इनमें से करीब 2,500 मंडलों ने 10 दिन के उत्सव के लिए अनुमति ली है। पूरे महाराष्ट्र में करीब 28 लाख गणेश प्रतिमाएं स्थापित किए जाने का अनुमान है।

मुंबई में गणेश पंडालों की अनुमति के लिए ऑनलाइन सिंगल-विंडो सिस्टम लागू किया गया है। इसके जरिए बीएमसी के साथ स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की एनओसी भी ऑनलाइन ली जा सकेगी। मंडल 13 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं।

इस बार शहर के कई प्रमुख गणेश मंडलों ने आकर्षक थीम तैयार की है। अंधेरीचा राजा में अयोध्या के राम मंदिर की प्रतिकृति बनाई जा रही है, जबकि कुछ पंडालों में सुपरहीरो समेत अलग-अलग थीम देखने को मिलेंगी।

Related Articles

Back to top button