StateNewsदेश - विदेश

यूपी-बिहार में 7 दिन भारी बारिश का अलर्ट, जम्मू-कश्मीर में 15 दिन में 16 बार बादल फटे; 20 जुलाई के बाद मध्य भारत में भी तेज बारिश के आसार

दिल्ली। देश के करीब 50 से 60 फीसदी हिस्से में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर एरिया के कारण उत्तर प्रदेश, बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों में लगातार बारिश हो रही है।

इन क्षेत्रों में अगले सात दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, एक नया मौसम तंत्र भूमध्य रेखा के पास भी सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से 20 से 30 जुलाई के बीच मध्य प्रदेश सहित उत्तर और मध्य भारत में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, जुलाई के पहले सप्ताह में मानसून के जम्मू-कश्मीर पहुंचने के बाद से 15 दिनों में 16 बार बादल फटने की घटनाएं दर्ज की गई हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में ऐसी घटनाओं का खतरा और बढ़ सकता है।

देश के कई राज्यों में मौसम का अलग-अलग असर देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

बाराबंकी में सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने से 87 गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी तेज बारिश का दौर जारी है।

इधर, छत्तीसगढ़ में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। रायपुर, दुर्ग और आसपास के इलाकों में बारिश हुई, जबकि बिलासपुर में रातभर हुई तेज बारिश के कारण कई घरों में पानी भर गया और स्कूलों में छुट्टी घोषित करनी पड़ी।

रायगढ़ में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई।

वहीं, दूसरी ओर तमिलनाडु में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। अल नीनो के प्रभाव से वहां जुलाई में भी सामान्य से अधिक तापमान बना हुआ है।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी है।

अगले कुछ दिनों में देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून की गतिविधियां और तेज होने की संभावना जताई गई है।

Related Articles

Back to top button