रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भारतीय वायुसेना के एक विंग कमांडर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना पुरैना स्थित विधायक कॉलोनी में हुई, जहां उनके घर के कमरे में उनका शव पंखे से लटका मिला। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 39 वर्षीय विपुल यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले थे और रायपुर में पदस्थ थे।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक विपुल यादव पुरैना स्थित विधायक कॉलोनी के बंगला नंबर-79 में रहते थे। बुधवार सुबह घर की मेड ने बेडरूम में उनका शव पंखे से लटका देखा। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
घटना के समय उनके दोनों बच्चे घर के दूसरे कमरे में सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी किसी काम से दिल्ली गई हुई थीं। बताया जा रहा है कि विपुल यादव और उनकी पत्नी की वर्ष 2014 में प्रेम विवाह हुआ था। उनकी पत्नी पहले वायुसेना में कार्यरत थीं और वर्तमान में सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में काम कर रही हैं।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि पारिवारिक विवाद के चलते उन्होंने यह कदम उठाया होगा, हालांकि आत्महत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा के मद्देनजर सुरक्षाबल भी तैनात किए गए हैं।
