रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्र सरकार द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए 14 खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में वृद्धि के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने इसे किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को लाभकारी बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा लिया गया यह निर्णय किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने की केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि धान सहित विभिन्न खरीफ फसलों के MSP में की गई बढ़ोतरी से किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और खेती के प्रति उनका विश्वास और मजबूत होगा।
सीएम साय ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में धान के MSP में हुई उल्लेखनीय वृद्धि ने किसानों के सम्मान और आत्मविश्वास को नई मजबूती दी है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को गति मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार भी किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। राज्य सरकार देश में सबसे अधिक 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रही है। यही वजह है कि प्रदेश में रिकॉर्ड धान खरीदी हुई है और किसानों का भरोसा सरकार की किसान हितैषी नीतियों पर लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर किसान कल्याण, कृषि उन्नति और ग्रामीण समृद्धि के लिए लगातार काम कर रही हैं। किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और कृषि क्षेत्र को नई मजबूती देने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने किसानों के हित में लिए गए इस महत्वपूर्ण फैसले के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाना है, ताकि गांवों की अर्थव्यवस्था और मजबूत हो सके।

