रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में सफल हुए विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन, समर्पण और निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विद्यार्थियों ने अपने आत्मविश्वास और लगन के बल पर सफलता हासिल कर नई मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि ऐसे विद्यार्थी अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेंगे।
उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में अच्छे अंक लाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण, नवाचार और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव भी है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ के विद्यार्थी आने वाले समय में शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, खेल, कला और अनुसंधान जैसे विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की सफलता में अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि माता-पिता का त्याग और शिक्षकों का मार्गदर्शन बच्चों की सफलता के पीछे सबसे बड़ी ताकत होती है। कठिन परिस्थितियों में भी बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए उनका समर्पण सराहनीय है।
मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों से निरंतर सीखते रहने, सकारात्मक सोच बनाए रखने और अपने लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सफलता का वास्तविक अर्थ केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज और देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनना भी है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के बेहतर भविष्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने सभी विद्यार्थियों के सफल और प्रेरणादायी भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।

