रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार अब विशिष्ट क्षेत्रों में तेज और लक्षित विकास के लिए योजनाओं को मिशन मोड में संचालित करेगी।
इसी संबंध में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी योजनाओं और नए मिशनों की प्रगति को लेकर प्रस्तुतिकरण दिया।
अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार ने कई नए मिशन शुरू किए हैं, जिनका उद्देश्य प्रदेश को तकनीक, खेल, पर्यटन, अधोसंरचना और स्टार्टअप के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ाना है।
बैठक में मुख्यमंत्री एआई मिशन पर विशेष चर्चा हुई। इसके तहत छत्तीसगढ़ को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई तकनीकों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने की योजना है।
युवाओं को एआई आधारित स्टार्टअप शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही शासन व्यवस्था में भी एआई का उपयोग बढ़ाया जाएगा। इसके लिए सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों और युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा। महिला खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर रहेगा।
मुख्यमंत्री पर्यटन मिशन के तहत प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए थीम आधारित पर्यटन सर्किट विकसित किए जाएंगे।
सांस्कृतिक मेले, उत्सव और प्रदर्शनियों के आयोजन के साथ होमस्टे योजना को भी बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय युवाओं को टूर गाइड के रूप में प्रशिक्षित कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन के तहत सड़कों, पुलों और शहरी-ग्रामीण कनेक्टिविटी को मजबूत किया जाएगा। वहीं, मुख्यमंत्री स्टार्टअप मिशन के जरिए युवाओं में उद्यमिता को बढ़ावा देने और नए स्टार्टअप को वित्तीय सहायता देने की योजना है। बैठक में उद्योग, पर्यटन, सूचना प्रौद्योगिकी और वित्त विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
