ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

अहिवारा कॉलेज का नाम अब स्वर्गीय डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के नाम पर होगा: सीएम साय

सीएम साय ने श्रद्धांजलि सभा में की घोषणा, बोले- समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित रहा गुरुजी का जीवन

रायपुर। अहिवारा के दिवंगत विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने के लिए अहिवारा स्थित शासकीय महाविद्यालय का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को दुर्ग जिले के भिलाई-3 स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में यह घोषणा की। उन्होंने कोर्सेवाड़ा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डोमन लाल कोर्सेवाड़ा का निधन छत्तीसगढ़ के राजनीतिक और सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। वे सरल, सहज, मृदुभाषी और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज सेवा और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। अनुसूचित जाति समाज के विकास, सामाजिक सशक्तीकरण और क्षेत्र की प्रगति में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।

सीएम ने कहा कि लोग उन्हें आत्मीयता से ‘गुरुजी’ कहकर बुलाते थे। यह उनके प्रति लोगों के सम्मान और विश्वास को दर्शाता था। जनसेवा के प्रति उनकी निष्ठा और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जब कोर्सेवाड़ा इलाज के लिए हैदराबाद में भर्ती थे, तब उन्होंने फोन कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को भी उनसे मिलने हैदराबाद भेजा था। सभी को उनके स्वस्थ होकर लौटने की उम्मीद थी, लेकिन उनका निधन बेहद पीड़ादायक रहा।

श्रद्धांजलि सभा में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक किरण देव सहित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी।

Related Articles

Back to top button