ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक फेरबदल: पुष्पा साहू बनीं माध्यमिक शिक्षा मंडल की सचिव, रोक्तिमा यादव को मिली कोरिया कलेक्टर की जिम्मेदारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए कई आईएएस अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव किया है। राज्य शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन में नई नियुक्तियां की गई हैं।

वर्ष 2012 बैच की आईएएस अधिकारी पुष्पा साहू को सचिव, माध्यमिक शिक्षा मंडल नियुक्त किया गया है। इससे पहले 6 मई 2026 को जारी आदेश में उन्हें कोरिया जिले का कलेक्टर बनाया गया था। अब शासन ने उस आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए उन्हें माध्यमिक शिक्षा मंडल की जिम्मेदारी सौंप दी है।

वहीं वर्ष 2016 बैच की आईएएस अधिकारी रोक्तिमा यादव को कोरिया जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वे आगामी आदेश तक इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगी। इससे पहले उन्हें आयुक्त, उच्च शिक्षा के पद पर पदस्थ किया गया था, लेकिन नए आदेश में संशोधन करते हुए उन्हें जिला कोरिया की कमान दी गई है।

इसके अलावा वर्ष 2019 बैच की आईएएस अधिकारी रीता यादव को आयुक्त, उच्च शिक्षा बनाया गया है। साथ ही उन्हें राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (RUSA) के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। शासन ने स्पष्ट किया है कि उनके पदभार ग्रहण करते ही यह पद वरिष्ठ वेतनमान के संवर्गीय पद के समकक्ष माना जाएगा।

राज्य सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को शिक्षा व्यवस्था और जिला प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। नई नियुक्तियों के बाद संबंधित विभागों में कार्यप्रणाली को और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button