समय रैना के ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ पर फिर विवाद: मेडिकल इमरजेंसी पर की टिप्पणी से मचा बवाल, शिवसेना नेता बोलीं- कोई सबक नहीं मिला

मुंबई। कॉमेडियन समय रैना एक बार फिर अपने शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ को लेकर विवादों में घिर गए हैं। शो के दूसरे सीजन के दूसरे एपिसोड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मेडिकल इमरजेंसी के दौरान शो छोड़कर जा रही एक लड़की को लेकर समय की टिप्पणी पर लोगों ने आपत्ति जताई है।
वायरल क्लिप में एक लड़की रोते हुए शो से बाहर जाती दिखाई देती है। समय रैना उसके साथ आए युवक से पूछते हैं कि वह क्यों जा रही है। युवक बताता है कि लड़की के पिता को मामूली हार्ट अटैक आया है, इसलिए उसे जाना पड़ रहा है। इस पर समय रैना कथित तौर पर कहते हैं, “तुम भी साथ जाओ, कंधा दो उसे। कंधा दोगे तभी तो हेड देगी।” इस टिप्पणी के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इसे असंवेदनशील और महिलाओं के प्रति अपमानजनक बताया।
यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब पहले भी शो के एक एपिसोड में की गई टिप्पणियों को लेकर आलोचना हो चुकी है। कई यूजर्स का कहना है कि विवादों के बावजूद शो की भाषा और कंटेंट में कोई बदलाव नहीं आया है।
इस मामले पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि समय रैना ने पिछले विवादों से कोई सबक नहीं लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं का अपमान करने वाले ऐसे कंटेंट को अब बड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म भी बढ़ावा दे रहे हैं और इसे हास्य के नाम पर पेश किया जा रहा है।
समय रैना या शो के निर्माताओं की ओर से इस विवाद पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस तेज हो गई है और कई लोग शो के कंटेंट पर सवाल उठा रहे हैं।





