ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायगढ़ में AC ब्लास्ट से बड़ा हादसा: एक की मौत, एक गंभीर घायल; घर और दो बाइक जलकर खाक

रायगढ़। शहर के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र स्थित अंबेडकर नगर की आईटीआई कॉलोनी में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक मकान में लगे एयर कंडीशनर (AC) में अचानक हुए धमाके के बाद आग लग गई, जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घर में मौजूद एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि मकान में लगे AC में अचानक तेज धमाका हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। धमाका इतना जोरदार था कि मकान का अंदरूनी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में पुरुषोत्तम पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया।

स्थानीय लोगों ने धमाके की आवाज सुनकर तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

आग की चपेट में आने से घर में रखा घरेलू सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। वहीं मकान के भीतर खड़ी दो मोटरसाइकिलें भी आग में जलकर खाक हो गईं। आग लगने से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही चक्रधर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में AC फटने से हादसा होने की आशंका है, हालांकि विस्फोट और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद कॉलोनी में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग हादसे के कारणों को लेकर चिंतित नजर आए।

Related Articles

Back to top button