ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

‘आशीर्वाद का दीया’ का नाम गोल्डन बुक में दर्ज

रायपुर में 25 लाख से ज्यादा दीप जले; प्रदेशभर में 1.50 करोड़ से अधिक दीयों से रोशन हुआ छत्तीसगढ़

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ में आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम ने जनभागीदारी के स्तर पर नया रिकॉर्ड बनाया। रायपुर में 25 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए, जबकि प्रदेशभर में 1.50 करोड़ से ज्यादा दीयों से सेवा, सुशासन और जनभागीदारी का संदेश दिया गया। आयोजन का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है।

मुख्य कार्यक्रम रायपुर में आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने एक साथ दीप प्रज्वलित किए। गांवों से लेकर शहरों तक नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न वर्गों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। आयोजन के दौरान दीपों की रोशनी से पूरे प्रदेश में उत्सव का माहौल रहा।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इस उपलब्धि को छत्तीसगढ़ की जनता की व्यापक सहभागिता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेशवासियों ने उत्साह के साथ भागीदारी की।

चौधरी ने कहा कि रायपुर में 25 लाख से अधिक और प्रदेश में 1.50 करोड़ से ज्यादा दीपों का प्रज्वलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना से जुड़ी जनभागीदारी का सामूहिक प्रदर्शन है।

कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री मोदी की सार्वजनिक सेवा यात्रा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को भी सामने रखा गया। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में लोगों ने अपने-अपने स्तर पर दीप जलाकर अभियान में भाग लिया।

आयोजकों के मुताबिक व्यापक जनभागीदारी के चलते ‘आशीर्वाद का दीया’ को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में स्थान मिला है। इसे छत्तीसगढ़वासियों की सामूहिक सहभागिता और उत्साह से जुड़ी उपलब्धि के तौर पर बताया गया।

Related Articles

Back to top button