कानपुर में 5 लाख लोगों के लिए बसेगा नया शहर: 5000 एकड़ में बनेगा ‘ग्रेटर कानपुर’, 1800 एकड़ जमीन चिह्नित; 3500 प्लॉट होंगे

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक शहर कानपुर को आने वाले वर्षों में नई पहचान मिलने जा रही है। ग्रेटर नोएडा की तर्ज पर यहां करीब 5000 एकड़ में आधुनिक शहर ‘ग्रेटर कानपुर’ विकसित करने की तैयारी है।
कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) ने इस परियोजना पर काम तेज कर दिया है। योजना के तहत करीब 5 लाख लोगों के रहने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए अब तक 1800 एकड़ जमीन चिह्नित की जा चुकी है। किसानों से जमीन लेने के लिए बातचीत भी शुरू हो गई है।
भीमसेन और आउटर रिंग रोड के बीच बसेगा शहर
ग्रेटर कानपुर को भीमसेन और आउटर रिंग रोड के बीच विकसित करने की योजना है। इसके लिए सेन पश्चिम पारा, सेन पूरब पारा, पतेहुरी, गोपालपुर, गंभीरपुर, कैथा, सरनेतपुर, दुर्जनपुर और इटारा समेत आसपास के गांवों की जमीन चिह्नित की जा रही है। परियोजना को तीन चरणों में पूरा करने की तैयारी है।
3500 प्लॉट और बहुमंजिला इमारतें बनेंगी
नई सिटी में करीब 3500 भूखंड विकसित किए जाएंगे। इनमें आवासीय, व्यावसायिक और औद्योगिक प्लॉट शामिल होंगे। ग्रुप हाउसिंग के साथ बहुमंजिला इमारतें भी बनाई जाएंगी। निम्न आय वर्ग से लेकर उच्च आय वर्ग तक के लोगों के लिए आवास के विकल्प तैयार किए जाएंगे।
अस्पताल, होटल और कन्वेंशन सेंटर भी बनेंगे
ग्रेटर कानपुर में अस्पताल, नर्सिंग होम, होटल, पुलिस थाना और कन्वेंशन सेंटर जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा सीवर, पेयजल, ड्रेनेज और कूड़ा निस्तारण की आधुनिक व्यवस्था होगी। पार्क और ग्रीन बेल्ट भी बनाए जाएंगे।
KDA सचिव अभय पांडेय के मुताबिक, परियोजना के लिए जमीन जुटाने का काम चल रहा है। किसानों से बातचीत जारी है। शहर विकसित होने से निवेश, कारोबार और रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।





