StateNewsदेश - विदेश

आंध्र प्रदेश में तेल कुएं में गैस रिसाव से आग, 600 लोगों का रेस्क्यू,3 गांव खाली

दिल्ली। आंध्र प्रदेश के कोनसीमा जिले के राजोले इलाके में सोमवार को ONGC के मोरी-5 तेल कुएं में गैस रिसाव के बाद तेज आग लग गई। अधिकारियों ने बताया कि 20 मीटर ऊंची लपटें उठ रही थीं और क्षेत्र में फैलने के खतरे के चलते इरुसुमंडा, गुडापल्ली और लक्कावरम गांवों को खाली कराया गया। ONGC के मुताबिक 600 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया और दो स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई।

हादसा 5 जनवरी को दोपहर 12.20 बजे हुआ। कुएं में पाइपलाइन लीकेज के कारण गैस रिसाव शुरू हुआ और 20 मिनट बाद आग लग गई। कुएं का संचालन दीप इंडस्ट्रीज लिमिटेड कर रही है। हादसे के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां और पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को पूरी तरह सील कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अधिकारियों ने राहत शिविरों में खाने-पानी की व्यवस्था कर दी है।

जानकारी के अनुसार कुएं का उत्पादन अस्थायी रूप से रुका हुआ था और मरम्मत चल रही थी। इसी दौरान अचानक तेज ब्लास्ट हुआ, जिससे गैस और कच्चा तेल ऊपर की ओर तेजी से निकला और आग फैल गई। प्रशासन ने लोगों से लाउडस्पीकर के जरिए बिजली के स्विच बंद रखने, गैस चूल्हा न जलाने और किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का इस्तेमाल न करने की चेतावनी दी।

दीप इंडस्ट्रीज लिमिटेड गुजरात स्थित कंपनी है, जो तेल और गैस सेक्टर में काम करती है। यह पुराने तेल-गैस कुओं से उत्पादन बढ़ाने, गैस कंप्रेशन और ड्रिलिंग सेवाएं प्रदान करती है। कंपनी का मार्केट कैप 2,774 करोड़ रुपए है और ONGC तथा ऑयल इंडिया इसके प्रमुख ग्राहक हैं।

हालांकि अभी तक किसी के घायल या मृत होने की सूचना नहीं मिली है। ONGC की टीम और वरिष्ठ जिला अधिकारी मौके पर लगातार हालात पर नजर रखे हुए हैं। आग पर काबू पाने के लिए कूलिंग ऑपरेशन जारी है और जरूरत पड़ने पर कुएं को कैप करने की तैयारी भी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button