सरगुजा में फुटबॉल, कबड्डी-बैडमिंटन की अकादमी खुलेगी: ओलंपिक में 4.16 लाख खिलाड़ियों ने कराया रजिस्ट्रेशन, खेलों के लिए हर साल 100 करोड़

सरगुजा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सरगुजा संभाग के खिलाड़ियों को बड़ी सौगात देते हुए अंबिकापुर में फुटबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन की खेल अकादमियां स्थापित करने की घोषणा की है।
उन्होंने कहा कि इन अकादमियों में खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं, विशेषज्ञ प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन और बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा। मुख्यमंत्री रविवार को अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026-27 के समापन समारोह में शामिल हुए।
पिछले साल से बढ़े 66 हजार से ज्यादा खिलाड़ी
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस साल सरगुजा ओलंपिक में 4 लाख 16 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। पिछले संस्करण में यह संख्या करीब साढ़े तीन लाख थी। खास बात यह रही कि प्रतियोगिता में बालिकाओं ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। तीन दिनों तक 11 खेल विधाओं में मुकाबले हुए। विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने प्रतिभा दिखाई।
खेलों के लिए हर साल 100 करोड़ का बजट
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के तहत राज्य सरकार हर साल 100 करोड़ रुपए का प्रावधान कर रही है। नवा रायपुर और जशपुर में तीरंदाजी अकादमी, बस्तर में आवासीय खेल अकादमी और वन डिस्ट्रिक्ट वन स्पोर्ट्स योजना के तहत प्रशिक्षण केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। नवा रायपुर में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी बनाया जा रहा है।
ओलंपिक गोल्ड पर 3 करोड़ रुपए
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 21 लाख रुपए और पदक जीतने पर स्वर्ण के लिए 3 करोड़, रजत के लिए 2 करोड़ और कांस्य पदक पर 1 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। राज्य खेल अलंकरण से अब तक 1,143 खिलाड़ी लाभान्वित हुए हैं, जबकि 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित कर शासकीय सेवा में अवसर देने की पहल की गई है।
समारोह में मंत्री राजेश अग्रवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत भी किया।





