ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़देश - विदेश

महादेव सट्टा केस में ED की दिल्ली में छापेमारी, कैटरर राहुल मक्कर और रियल एस्टेट कारोबारी ग्रोवर के ठिकाने खंगाले

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा केस की जांच अब सट्टे के नेटवर्क से आगे बढ़कर उससे जुड़े कारोबारियों और संपत्तियों तक पहुंच गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को दिल्ली में लग्जरी कैटरर राहुल मक्कर, रियल एस्टेट कारोबारी शेली ग्रोवर और उनके बेटे माधव ग्रोवर से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की। जांच के दायरे में पिता-बेटे की 9 कंपनियां भी हैं।

ED को शक है कि सट्टे से कमाए गए करोड़ों रुपए इन कारोबारियों तक पहुंचाए गए और इनका निवेश दुबई के रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स तथा भारत के हॉस्पिटैलिटी कारोबार में किया गया। यह कार्रवाई महादेव सट्टा केस के आरोपी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान मिली जानकारियों के आधार पर की गई।

जोरबाग के मकान और खान मार्केट ऑफिस में तलाशी

ED की टीमों ने दिल्ली के पॉश जोरबाग इलाके में शेली ग्रोवर से जुड़े दो मकानों (नंबर 149 और 152) की तलाशी ली। खान मार्केट स्थित उनके व्यावसायिक कार्यालय की भी जांच की गई। इसके अलावा राहुल मक्कर से जुड़े रिवेरा हाउस और उनके स्वामित्व वाले कई वेडिंग वेन्यू पर छापे मारे गए। एजेंसी वित्तीय रिकॉर्ड, कंपनी दस्तावेज और प्रॉपर्टी से जुड़े कागजात खंगाल रही है।

चंद्राकर की शादी में मक्कर की कंपनी ने की थी कैटरिंग

राहुल मक्कर दिल्ली की एक लग्जरी कैटरिंग कंपनी के फाउंडर हैं। उनकी कंपनी भारत के अलावा दुबई और बाली में भी काम करती है। ED के मुताबिक, 2023 में UAE में सौरभ चंद्राकर की शाही शादी में कैटरिंग की जिम्मेदारी इसी कंपनी ने संभाली थी। एजेंसी मक्कर और विकास छपरिया के बीच कारोबारी व वित्तीय संबंधों की भी जांच कर रही है। छपरिया को चंद्राकर का करीबी सहयोगी और सट्टे के पैसों का फाइनेंस मैनेजमेंट संभालने वाला अहम व्यक्ति बताया जाता है।

दुबई की रियल एस्टेट कंपनी भी जांच के घेरे में

शेली ग्रोवर और उनके बेटे माधव दुबई में एम्पायर इंफ्राटेक रियल एस्टेट ब्रोकरेज LLC चलाते हैं। शेली इसके संस्थापक और CEO हैं। भारत में भी उनका 9 कंपनियों से जुड़ाव है। ED को आशंका है कि सट्टे से मिली रकम का इस्तेमाल दुबई के प्रॉपर्टी कारोबार में किया गया हो सकता है। एजेंसी अब भारत और दुबई में फैले कारोबारी नेटवर्क के जरिए पैसों के लेन-देन और निवेश की कड़ियां जोड़ रही है।

Related Articles

Back to top button