वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप का तीसरा गेम भी ड्रॉ: गुकेश ने 1988 की पुरानी चाल से सिंदारोव को चौंकाया, बोले- स्पैस्की मेरी टीम में नहीं

दिल्ली। स्विट्जरलैंड के जेनेवा में चल रही वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप 2026 का तीसरा गेम भी ड्रॉ रहा। गुरुवार को भारत के मौजूदा विश्व चैंपियन डी. गुकेश ने काले मोहरों से खेलते हुए उज्बेकिस्तान के चैलेंजर जावोखिर सिंदारोव को कड़ी चुनौती दी। 60 चालों तक चले मुकाबले में दोनों खिलाड़ी जीत हासिल नहीं कर सके। तीन गेम के बाद स्कोर 1.5-1.5 से बराबर है।
इस मुकाबले में गुकेश ने शतरंज की एक पुरानी रणनीति अपनाई, जिसका इस्तेमाल 1980 और 1990 के दशक में किया जाता था। यह वही दुर्लभ ओपनिंग थी, जिसे पूर्व विश्व चैंपियन बोरिस स्पैस्की ने 1988 में भी खेला था। इस अप्रत्याशित चाल से सिंदारोव हैरान रह गए।
मैच के बाद गुकेश से स्पैस्की की रणनीति के बारे में पूछा गया तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “स्पैस्की मेरी कोचिंग टीम में शामिल नहीं हैं।” हालांकि, उन्होंने माना कि उन्हें स्पैस्की के पुराने मुकाबलों की जानकारी थी।
21वीं चाल के बाद जीत की कोशिश की
गुकेश ने बताया कि 21वीं चाल के बाद उन्होंने हाथी को अलग-अलग जगह ले जाकर और मोहरों की अदला-बदली के जरिए दबाव बनाने की कोशिश की। हालांकि, उन्हें जीत का मौका नहीं मिला। उनके मुताबिक, सिंदारोव की 29वीं चाल के बाद मुकाबला और दिलचस्प हो गया।





