StateNewsदेश - विदेश

अमेरिका ने इस साल 1,700 भारतीयों को किया डिपोर्ट: भारत बोला- अवैध प्रवास का विरोध करते हैं, नागरिकता की पुष्टि के बाद सहयोग

दिल्ली। अमेरिका ने इस साल जनवरी से अब तक 1,700 भारतीय नागरिकों को अपने देश से डिपोर्ट किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि भारत अवैध प्रवास का विरोध करता है और इस मुद्दे पर अमेरिकी प्रशासन के साथ सहयोग कर रहा है। अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के प्रशासन ने अवैध प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर रखी है।

डिपोर्टेशन से पहले भारत करता है नागरिकता की पुष्टि

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के मुताबिक, अमेरिका से किसी भारतीय नागरिक को वापस भेजे जाने की संभावित सूचना मिलने पर भारत सरकार संबंधित व्यक्ति की राष्ट्रीयता की पुष्टि करती है।

इसके बाद जरूरी प्रक्रिया पूरी की जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत अवैध तरीके से दूसरे देशों में जाने के खिलाफ है।

2025 से अब तक 4,840 से ज्यादा भारतीय लौटाए गए

इससे पहले जुलाई में विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी थी कि वर्ष 2025 से अब तक अमेरिका 4,840 से ज्यादा भारतीय नागरिकों को डिपोर्ट कर चुका है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, इस साल जनवरी से अब तक 1,700 भारतीयों को वापस भेजा गया है।

ट्रम्प प्रशासन की अवैध प्रवासियों पर कार्रवाई

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सत्ता संभालने के बाद से ही अवैध प्रवास को रोकने को प्राथमिकता दी है। उनकी सरकार ने अवैध रूप से अमेरिका में रह रहे लोगों की पहचान और उन्हें वापस भेजने की कार्रवाई तेज की है। इस अभियान के तहत अलग-अलग देशों के नागरिकों को डिपोर्ट किया जा रहा है।

भारत सरकार का कहना है कि वह अपने नागरिकों की राष्ट्रीयता की पुष्टि और वापसी की प्रक्रिया में सहयोग करती है। साथ ही, अवैध प्रवास को रोकने के लिए अमेरिका के साथ संपर्क बनाए हुए है।

Related Articles

Back to top button