पीएम मोदी का कांग्रेस पर हमला- OBC आरक्षण में कटौती कर मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है: बोले- महिला आरक्षण बिल रोकना नारीशक्ति का अपमान

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को संविधान दिवस पर ब्लॉग लिखकर कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस OBC आरक्षण में कटौती करके मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है, जबकि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर इसके खिलाफ थे। मोदी ने नारी शक्ति वंदन बिल का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं को आरक्षण देने वाला विधेयक पारित नहीं होने देना उनका अपमान है।
बोले- महिलाओं को न्याय दिलाने का संकल्प नहीं रुकेगा
प्रधानमंत्री ने लिखा कि संविधान की यात्रा उन महिलाओं को याद किए बिना पूरी नहीं हो सकती, जिन्होंने इसके निर्माण में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि इस साल की घटनाओं ने देश को शर्मसार किया है। देश की नारीशक्ति को भरोसा दिलाता हूं कि उन्हें न्याय दिलाने का संकल्प दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती।
नक्सलवाद ने गरीबों को अधिकारों से वंचित रखा
मोदी ने नक्सलवाद का जिक्र करते हुए कहा कि दशकों तक देश के कई हिस्सों, खासकर आदिवासी क्षेत्रों में नक्सलियों ने बंदूक के दम पर गरीबों को संवैधानिक अधिकारों से दूर रखा। नक्सलवाद के खात्मे से उन्हें विशेष संतोष मिला है।
पहले और 42वें संशोधन पर भी उठाए सवाल
प्रधानमंत्री ने 1951 के पहले संविधान संशोधन और आपातकाल के दौरान हुए 42वें संशोधन की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पहले संशोधन से मौलिक स्वतंत्रता प्रभावित हुई, जबकि 42वें संशोधन ने न्यायिक समीक्षा की शक्ति सीमित की। उन्होंने अनुच्छेद 356 के बार-बार इस्तेमाल पर भी सवाल उठाए।
22 भाषाओं में उपलब्ध हुआ संविधान
मोदी ने बताया कि संविधान का अपडेटेड संस्करण आठवीं अनुसूची की सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता का उल्लेख करते हुए कहा कि नई व्यवस्था में दंड के बजाय नागरिक और न्याय को प्राथमिकता दी गई है।
सरकार महिला आरक्षण लागू करने के लिए परिसीमन और लोकसभा सीटें बढ़ाने की तैयारी कर रही है। प्रस्ताव के मुताबिक लोकसभा की सीटें 850 तक की जा सकती हैं। इससे जुड़े विधेयक अप्रैल में संसद में जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण पारित नहीं हो सके थे। प्रधानमंत्री ने मंत्रियों से 15 दिसंबर से पहले संसद के अगले सत्र की तैयारी पूरी करने को भी कहा है।





