जशपुर में 16 करोड़ से बनेंगे 5 बड़े पुल: पीएम जनमन योजना के तहत बगीचा ब्लॉक को मिली मंजूरी

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के दूरस्थ और जनजातीय इलाकों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के तहत जिले के बगीचा विकासखंड में 5 वृहद पुल बनाए जाएंगे। इनके निर्माण के लिए राज्य शासन ने 16 करोड़ 3 लाख 34 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी है। पांचों पुलों की कुल लंबाई 290 मीटर होगी।
भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय ने 6 नवंबर 2026 को छत्तीसगढ़ में पीएम जनमन योजना के वर्ष 2026-27 के बैच-I में 167 पुलों के निर्माण को मंजूरी दी है। इनमें जशपुर के ये पांच पुल शामिल हैं।
कहां कितनी राशि से बनेंगे पुल
स्वीकृत कार्यों में डंगरी से दरावाकोना मार्ग पर 60 मीटर लंबे पुल के लिए 3 करोड़ 56 लाख 23 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं। जबला से नवापारा मार्ग पर 30 मीटर लंबे पुल के निर्माण पर 1 करोड़ 83 लाख 21 हजार रुपए खर्च होंगे।
इसी तरह कमरीमा मंझाटोली से खपरीडीह मार्ग पर 60 मीटर लंबे पुल के लिए 4 करोड़ 4 लाख 19 हजार रुपए, बगीचा-कांसाबेल मार्ग से जनकपुर पहुंच मार्ग पर 80 मीटर लंबे पुल के लिए 3 करोड़ 52 लाख 67 हजार रुपए और कुहापानी से बांसधार मार्ग पर 60 मीटर लंबे पुल के लिए 3 करोड़ 7 लाख 4 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
बारिश में भी नहीं टूटेगा संपर्क
इन पुलों के बनने से बारिश के दौरान नालों में पानी बढ़ने पर आवागमन बाधित होने की समस्या कम होगी। ग्रामीणों को बाजार, स्कूल और अस्पताल तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी। किसानों को उपज बाजार तक ले जाने में आसानी होगी। बेहतर संपर्क से स्थानीय व्यापार, रोजगार और आजीविका की गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद नियमानुसार निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे। इससे दूरस्थ जनजातीय बसाहटों तक सरकारी योजनाओं और जरूरी सेवाओं की पहुंच भी आसान होगी।





