रायपुर में गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व पर नगर कीर्तन, गतका पार्टी के करतबों ने खींचा ध्यान

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रविवार को सिख पंथ के प्रथम गुरु गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व पर भव्य नगर कीर्तन निकाला गया।
स्टेशन रोड गुरुद्वारा से शुरू हुआ नगर कीर्तन गुरु गोविंद सिंह चौक, फाफाडीह चौक और जेल रोड होते हुए तेलीबांधा की ओर बढ़ा। इसमें बड़ी संख्या में सिख समाज के लोग शामिल हुए।
शबद-कीर्तन करते हुए संगत एक साथ आगे बढ़ी। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था की गई।
इस बार नगर कीर्तन में 17 अलग-अलग पालकियों की जगह एक मुख्य पालकी निकाली गई। स्टेशन रोड गुरुद्वारा के प्रमुख इंद्रजीत सिंह छाबड़ा ने बताया कि धार्मिक मर्यादा बनाए रखने और पूरी संगत को एक साथ जोड़ने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है।
पालकी के दर्शन के लिए रास्ते में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। पंज प्यारों और पालकी के आगे सड़क पर फूल बिछाए गए।
नगर कीर्तन में पंजाब से आई गतका पार्टी ने तलवारबाजी सहित हैरतअंगेज करतब दिखाए। कलाकारों ने फायर ब्रीदिंग का प्रदर्शन कर लोगों का ध्यान खींचा।
बस्तर से आए आदिवासी नृत्य दल की पारंपरिक प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। ऊंट और घोड़ों का दल, गुरु नानक देव के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर आधारित झांकी ने भी लोगों को आकर्षित किया। झांकी के जरिए सेवा, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया गया।
नगर कीर्तन की अगुवाई पांच पंज प्यारे हरिपाल सिंह ओबेरॉय, त्रिलोचन सिंह काले, लखवीर सिंह, सुखदेव सिंह और गुरजीत सिंह ने की। स्टेशन रोड गुरुद्वारा से नगर कीर्तन निकालने की परंपरा करीब 150 साल पुरानी है।
प्रकाश पर्व का मुख्य आयोजन 24 नवंबर को खालसा स्कूल में होगा। सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक शबद-कीर्तन और पाठ होगा। रात में भी विशेष दीवान सजेगा।





