StateNewsकमर्शियलदेश - विदेश

जापान-कोरिया के बाजारों में हाहाकार, भारतीय बाजार में तेजी: सेंसेक्स-निफ्टी हरे निशान पर

दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार (20 नवंबर) को कारोबार के दौरान मामूली तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स करीब 50 अंक चढ़कर 83,100 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी भी हल्की बढ़त के साथ 25,500 के पार पहुंच गया। बाजार में आईटी और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी देखने को मिली।

हालांकि, वैश्विक बाजारों से कमजोर संकेत मिल रहे हैं। जापान और दक्षिण कोरिया के शेयर बाजारों में शुक्रवार को भारी गिरावट दर्ज की गई। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 5% टूटकर 4,891 पर आ गया। वहीं जापान का निक्केई 4.49% गिरकर 56,775 और हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग 1.82% गिरकर 22,403 पर कारोबार करता दिखा।

विदेशी निवेशकों ने 7 दिन में लगाए 20,663 करोड़ रुपए

शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों की खरीदारी जारी है। बीते सात कारोबारी दिनों में विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII/FPI) ने भारतीय बाजार में 20,663 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे हैं। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने इस दौरान 8,736 करोड़ रुपए की शुद्ध बिकवाली की।

पिछले 30 दिनों में विदेशी निवेशकों की शुद्ध खरीदारी 98,985 करोड़ रुपए रही, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 44,720 करोड़ रुपए के शेयर बेचे।

अमेरिकी बाजार में भी गिरावट

इससे पहले 19 नवंबर को अमेरिकी शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे। डाउ जोन्स 2.19% टूटकर 49,097 पर आ गया। नैस्डैक में 2.25% और S&P 500 में 2.02% की गिरावट दर्ज की गई।

गौरतलब है कि गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में तेजी रही थी। हालांकि, शुक्रवार को घरेलू बाजार की चाल पर वैश्विक संकेतों और विदेशी निवेशकों की गतिविधियों का असर देखने को मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button