ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बिजली कर्मचारियों का 18 नवंबर को सामूहिक अवकाश: पुरानी पेंशन की मांग पर प्रबंधन ने बुलाई बैठक, 16 नवंबर को होगी वार्ता

रायपुर/भिलाई। छत्तीसगढ़ में बिजली कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने की मांग को लेकर आंदोलन की तैयारी में हैं।

18 नवंबर को प्रस्तावित एक दिन के सामूहिक अवकाश से पहले बिजली कंपनी प्रबंधन ने कर्मचारी संगठनों को बातचीत के लिए बुलाया है। 16 नवंबर को होने वाली इस बैठक में पुरानी पेंशन की मांग पर चर्चा होगी। इससे आंदोलन से पहले गतिरोध दूर होने की उम्मीद है।

कंपनी के मुख्य अभियंता (मानव संसाधन) की ओर से जारी पत्र में विभिन्न अधिकारी-कर्मचारी संगठनों के प्रांतीय अध्यक्ष और महासचिवों को बैठक में शामिल होने के लिए कहा गया है।

यह द्विपक्षीय वार्ता पावर कंपनी के प्रबंध निदेशकों के साथ होगी। बैठक छत्तीसगढ़ विद्युत अधिकारी-कर्मचारी पुरानी पेंशन अधिकार मंच के बैनर तले उठाई जा रही एक सूत्रीय मांग को लेकर बुलाई गई है।

2023 के आदेश पर अमल नहीं होने से नाराजगी

बिजली कंपनी के एनपीएसधारी अधिकारी-कर्मचारियों का कहना है कि ऊर्जा विभाग ने 6 अक्टूबर 2023 को आदेश जारी कर 1 जनवरी 2004 या उसके बाद पावर कंपनी में नियुक्त कर्मचारियों-अधिकारियों की सेवाएं एनपीएस से ओपीएस में अंतरित करने के निर्देश दिए थे।

कर्मचारियों का आरोप है कि आदेश जारी होने के बावजूद अब तक इस पर अमल नहीं किया गया है। इसी वजह से लंबे समय से उनमें नाराजगी बनी हुई है।

सामूहिक अवकाश के लिए आवेदन शुरू

मांग पूरी नहीं होने पर संगठनों ने 18 नवंबर को एक दिन का सामूहिक अवकाश लेने का निर्णय किया है। इसके लिए कर्मचारी अपने-अपने कार्यालयों में आवेदन भी जमा कर रहे हैं। ऐसे में 16 नवंबर की बैठक को अहम माना जा रहा है। अब सभी की नजरें प्रबंधन के रुख और वार्ता के नतीजे पर हैं।

Related Articles

Back to top button