Uncategorized

धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस: नितिन नवीन बोले- बस्तर में बंदूक की जगह खेल के मैदान, CM साय ने किसानों को दी बड़ी राहत

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में रविवार को राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित किया गया। इसमें हजारों की संख्या में जनजातीय समाज के लोग शामिल हुए।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भगवान बिरसा मुंडा और जनजातीय नायकों के संघर्ष को याद करते हुए कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, स्वाभिमान और समृद्धि सरकार का संकल्प है।

वहीं, राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि बस्तर में अब बंदूक की जगह खेल के मैदान और भय-हिंसा की जगह विश्वास एवं विकास का नया वातावरण बन रहा है।

धरमजयगढ़ के ऐतिहासिक दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद किया।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के खिलाफ संघर्ष करते हुए बलिदान दिया। उनका जीवन जनजातीय अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लेकर जनजातीय नायकों को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है।

नितिन नवीन बोले- बस्तर की नई पहचान शिक्षा और खेल

राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने मौसम खराब होने के कारण कार्यक्रम में वर्चुअली संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को सफलता मिल रही है।

बस्तर के जिन इलाकों में कभी बंदूकों की आवाज सुनाई देती थी, वहां अब खेल के मैदान तैयार हो रहे हैं। युवा शिक्षा, खेल और कौशल के जरिए अपने सपनों को पूरा कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के बस्तर ओलंपिक में डेढ़ लाख से अधिक लोगों की भागीदारी ने युवाओं की प्रतिभा को नई पहचान दी। वहीं, 2025-26 में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के 408 विद्यार्थियों ने नीट और करीब 346 विद्यार्थियों ने जेईई मेन्स में सफलता हासिल की।

उन्होंने कहा कि बंदूक की जगह खेल, हिंसा की जगह शिक्षा और भय की जगह विश्वास आएगा, तभी बस्तर का विकास तेजी से होगा।

21 क्विंटल से कम धान बेचने वालों को भी पूरी आदान सहायता

मुख्यमंत्री साय ने किसानों के लिए बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अब प्रति एकड़ निर्धारित 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी।

कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपए की सहायता दी जाएगी। इससे खासकर लघु, सीमांत और जनजातीय किसानों को राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 15 नवंबर से खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी शुरू हो गई है। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए उपार्जन केंद्र खोले गए हैं। इससे प्रदेश में धान खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़कर 3,100 हो गई है। नए केंद्रों से किसानों को उपज बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

पद्मश्री विभूतियों का सम्मान, तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस

समारोह में मुख्यमंत्री ने पद्मश्री सम्मानित बुधरी ताती, जागेश्वर यादव और पंडी राम मंडावी का अभिनंदन किया। जनजातीय नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेता दलों को पुरस्कृत किया गया।

मांझी-चालकी व्यवस्था से जुड़े पदाधिकारियों को सम्मान राशि और तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरित किया गया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगे जनजातीय कला, संस्कृति और पारंपरिक उत्पादों के स्टॉलों का भी अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत प्रदेश के 6,691 गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और आजीविका की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बस्तर में नियद नेल्लानार और बस्तर मुन्ने जैसे कार्यक्रमों से विकास को गति मिल रही है। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए लगभग 35 लाख लोगों की जांच की गई है। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित कई मंत्री, सांसद और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button