ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बंगाल की खाड़ी में 16 नवंबर तक चक्रवात के आसार, छत्तीसगढ़ में फिलहाल बारिश का अलर्ट नहीं

अंबिकापुर में पारा 11 डिग्री पहुंचा, रायपुर में दिन का तापमान 30.2 डिग्री; अगले तीन दिन मौसम शुष्क रहने का अनुमान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। इसी बीच बंगाल की खाड़ी में बन रहा मौसम सिस्टम चिंता बढ़ा रहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय कम दबाव का क्षेत्र 14 नवंबर तक स्पष्ट निम्न दबाव में बदल सकता है। इसके 15 नवंबर को अवदाब और 16 नवंबर की शाम तक चक्रवाती तूफान बनने के आसार हैं।

हालांकि, फिलहाल इस सिस्टम का छत्तीसगढ़ पर कोई खास असर नहीं है। प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और कहीं भी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

16 नवंबर तक तूफान बनने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इससे जुड़ा ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है।

अनुमान है कि 15 नवंबर की सुबह तक यह अवदाब में बदल जाएगा। इसके बाद 16 नवंबर की शाम तक मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है।

अंबिकापुर में सबसे कम तापमान

प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड महसूस होने लगी है। शुक्रवार को अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में धूप के कारण गर्मी का असर बना हुआ है, जबकि सुबह और रात को ठंड महसूस हो रही है।

धान खरीदी के बीच मौसम पर नजर

छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो रही है। ऐसे में चक्रवाती सिस्टम की दिशा पर किसानों और प्रशासन की नजर रहेगी। यदि आगे चलकर बारिश होती है तो खरीदी केंद्रों में रखे धान और परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

हालांकि, अभी मौसम विभाग ने प्रदेश में बारिश की कोई चेतावनी नहीं दी है। अगले तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहने और न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होने का अनुमान है।

Related Articles

Back to top button