निगम की MIC बैठक में 1.77 करोड़ के प्रस्ताव को मंजूरी, संतोषीपारा में बनेगा डोम शेड

वाहन शाखा में अस्थायी ड्राइवर-हेल्पर रखे जाएंगे; आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका के पद पर नियुक्ति पर भी हुई चर्चा
भिलाई। नगर निगम की वाहन शाखा में ड्राइवर और हेल्पर की व्यवस्था के लिए 1 करोड़ 77 लाख 54 हजार 790 रुपए खर्च किए जाएंगे। महापौर परिषद (MIC) की बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही वार्ड-33 के संतोषीपारा शर्मा कॉलोनी में कैंपेश्वर बैजनाथ धाम के पास नया डोम शेड बनाने के प्रस्ताव को भी हरी झंडी मिली।
महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता और निगम आयुक्त सुरुचि सिंह की मौजूदगी में हुई बैठक में प्रशासनिक व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
जेम पोर्टल से होगी निविदा प्रक्रिया
वाहन शाखा के लिए उच्च कुशल, कुशल और अर्द्धकुशल श्रेणी के अस्थायी ड्राइवर और हेल्पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए सलाहकार समिति की अनुशंसा के बाद जेम (GeM) पोर्टल के माध्यम से निविदा आमंत्रित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। निगम के विभिन्न विभागों में वाहनों के संचालन के लिए कर्मचारियों की व्यवस्था होने से सफाई, कचरा परिवहन और अन्य जरूरी कामों में मदद मिलने की उम्मीद है।
संतोषीपारा में सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए सुविधा
बैठक में वार्ड-33 के संतोषीपारा शर्मा कॉलोनी में डोम शेड निर्माण को भी मंजूरी दी गई। इसके लिए वित्तीय वर्ष 2024-25 की अधोसंरचना मद में पहले से स्वीकृत डोम शेड निर्माण कार्य की शेष राशि का उपयोग किया जाएगा। नया शेड बनने से स्थानीय लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए जगह मिल सकेगी।
आंगनबाड़ी नियुक्ति पर भी चर्चा
MIC की बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका के एक पद पर नियुक्ति का विषय भी रखा गया। संबंधित पद के लिए अंतिम योग्यता सूची जारी हो चुकी है। इसमें एक अभ्यर्थी चयन सूची में और दूसरा प्रतीक्षा सूची में है।
बैठक में MIC सदस्य लक्ष्मीपति राजू, सीजू एन्थोनी, संदीप निरंकारी, आदित्य सिंह, लालचंद वर्मा, साकेत चंद्राकर, केशव चौबे, एकांश बंछोर और नेहा साहू सहित निगम के अधिकारी मौजूद रहे।





