StateNewsउत्तर प्रदेशदेश - विदेश

यूपी के 25 लाख युवाओं को मिलेंगे टैबलेट, 15 नवंबर से वितरण शुरू करेंगे CM योगी

पहले चरण में 4 जिलों के 50 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ; उम्र और आय की शर्त नहीं

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के 25 लाख युवाओं को डिजिटल शिक्षा और रोजगार से जोड़ने के लिए योगी सरकार टैबलेट बांटने जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 15 नवंबर को लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल से स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत इस अभियान की शुरुआत करेंगे। पहले चरण में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को टैबलेट दिए जाएंगे। इसके बाद दूसरे जिलों में भी वितरण कार्यक्रम आयोजित होंगे।

सरकार ने इस योजना के लिए 25 लाख टैबलेट की खरीद पूरी कर ली है। इन्हें अलग-अलग विभागों से जुड़े विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के पात्र विद्यार्थियों को दिया जाएगा। योजना का उद्देश्य युवाओं को तकनीक के जरिए पढ़ाई, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

इन विभागों के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

योजना के दायरे में उच्च शिक्षा, प्राविधिक शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा और कौशल विकास विभाग के संस्थान शामिल हैं। इसके अलावा चिकित्सा शिक्षा, कृषि शिक्षा, एमएसएमई, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, पशुधन और संस्कृति विभाग से जुड़े संस्थानों के विद्यार्थी भी टैबलेट पाने के पात्र होंगे। प्रदेश में स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को भी इसका लाभ दिया जाएगा।

आय और उम्र की कोई सीमा नहीं

योजना के लिए विद्यार्थियों की आय या उम्र को लेकर कोई सीमा तय नहीं की गई है। सरकार का लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा युवाओं को डिजिटल संसाधनों से जोड़ना है, ताकि वे ऑनलाइन पढ़ाई, शैक्षणिक सामग्री और रोजगार से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकें।

टैबलेट में होंगे ये फीचर

खरीदे गए टैबलेट में 8 इंच का डिस्प्ले और 3 जीबी रैम होगी। इसमें 1.8 GHz क्वाड-कोर प्रोसेसर और 32 जीबी इंटरनल स्टोरेज दिया जाएगा। डिवाइस में 5 मेगापिक्सल का रियर और 2 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा भी होगा।

26 जनवरी तक एक लाख नौकरी देने का लक्ष्य

सरकार ने 26 जनवरी तक एक लाख युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य भी रखा है। टैबलेट वितरण और रोजगार के इस लक्ष्य को युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने और रोजगार के अवसर बढ़ाने की पहल के तौर पर देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button