StateNewsदेश - विदेश

देश के 20 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, पहाड़ों पर बर्फबारी; दिल्ली-NCR में प्रदूषण से परेशानी

कश्मीर-हिमाचल में पश्चिमी विक्षोभ का असर; राजस्थान में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना, मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ में मौसम रहेगा मुख्य रूप से शुष्क

दिल्ली। नवंबर के मध्य में देश के मौसम का मिजाज बदल रहा है। कहीं बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है तो कहीं ठंड और कोहरे का असर बढ़ने लगा है। 14 नवंबर को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।

वहीं दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, त्रिपुरा, मेघालय, नागालैंड, कर्नाटक, केरल, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश समेत करीब 20 राज्यों में बारिश या आंधी की संभावना की रिपोर्ट है।

उत्तर भारत में बारिश-बर्फबारी के आसार

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश, बर्फबारी और 60 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी कुछ इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। पंजाब में मौसम में बदलाव संभव है, जबकि राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में 14 और 15 नवंबर को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी है। दिल्ली में सुबह धुंध और प्रदूषण परेशानी बढ़ा सकते हैं।

पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में भी बदलाव

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश और सुबह कोहरे की संभावना है। बिहार में अधिकांश जगह मौसम शुष्क रहने के साथ सुबह धुंध छा सकती है। झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में कुछ इलाकों में बारिश और गरज-चमक के आसार हैं।

सिक्किम, असम और मेघालय में 15 से 17 नवंबर के बीच बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश में भी इसी अवधि में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 16 से 19 नवंबर के बीच बारिश हो सकती है।

मध्य और दक्षिण भारत में फिलहाल राहत

मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में फिलहाल बड़े मौसम बदलाव की संभावना नहीं है। गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में भी व्यापक बारिश का अलर्ट नहीं है।

हालांकि स्थानीय स्तर पर बादल छाने या हल्की बारिश की स्थिति बन सकती है। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 13 से 19 नवंबर तक बारिश और 16 नवंबर तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी है।

मौसम विभाग ने समुद्र में तेज हवाओं को देखते हुए मछुआरों को बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कुछ हिस्सों में नहीं जाने की सलाह दी है।

Related Articles

Back to top button