ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रिश्वत लेकर कार से भागा SDO, ACB टीम को कुचलने की कोशिश: 20 साल पुराने केस में चालान पेश; इंजीनियर के घर मिले थे 6.30 लाख रुपए

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में रिश्वतखोरी के 20 साल पुराने मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने दो तत्कालीन अधिकारियों के खिलाफ विशेष न्यायालय में चालान पेश किया है।

आरोप है कि विद्युतीकरण के काम का ले-आउट देने और अटके बिलों का भुगतान कराने के लिए 5 हजार रुपए रिश्वत मांगी गई थी। ट्रैप कार्रवाई के दौरान रिश्वत लेने वाला तत्कालीन SDO मुजीब मोहम्मद शाह कार से भागने लगा था।

उसने ACB टीम के सदस्यों को गाड़ी से टक्कर मारने की कोशिश भी की थी। इस घटना में एक अधिकारी घायल हुआ था।

बिल पास कराने के लिए मांगे थे 5 हजार

मामला ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग का है। शिकायतकर्ता हेमेश कुमार गांधी को आश्रम भवन, उप स्वास्थ्य केंद्र और बालक छात्रावास में विद्युतीकरण का काम मिला था।

आरोप है कि इन कामों का ले-आउट देने और लंबित बिलों का भुगतान कराने के बदले तत्कालीन कार्यपालन अभियंता राकेश कुमार शर्मा ने 5 हजार रुपए मांगे थे।

हेमेश ने 8 दिसंबर 2006 को ACB में शिकायत की। इसके बाद 14 दिसंबर को रिश्वत लेते पकड़ने के लिए ट्रैप बिछाया गया।

गांव के पास फेंकी रिश्वत की रकम

कार्रवाई के दौरान SDO मुजीब मोहम्मद शाह ने कार्यपालन अभियंता के कहने पर शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपए लिए और कार से भागने लगा।

ACB टीम ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने गाड़ी से टक्कर मारने का प्रयास किया। भागते समय उसने ग्राम बोलबोला के पास रिश्वत की रकम फेंक दी। ACB ने पूरी रकम बरामद कर ली।

वहीं, कार्यपालन अभियंता राकेश कुमार शर्मा के सरकारी आवास की तलाशी में 6 लाख 30 हजार 200 रुपए नकद मिले थे। इस रकम को भी जब्त किया गया था।

रिकॉर्डिंग और FSL रिपोर्ट बनी आधार

जांच में ACB ने बातचीत की रिकॉर्डिंग, गवाहों के बयान और दस्तावेज जुटाए। जब्त रकम और फॉरेंसिक साइंस लैब की रिपोर्ट को भी साक्ष्य बनाया गया।

जांच के बाद दोनों अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और IPC की संबंधित धाराओं में विशेष न्यायालय, कोंडागांव में चालान पेश किया गया है।

Related Articles

Back to top button