3 साल की बच्ची से यौन उत्पीड़न, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

टैक्सी स्टैंड के पास जर्जर इमारत के बाहर रोती मिली बच्ची; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
दिल्ली। गोवा के उत्तरी जिले में तीन साल की बच्ची के साथ कथित यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। घटना मापुसा इलाके की है। बच्ची रविवार शाम टैक्सी स्टैंड के पास एक जर्जर इमारत के बाहर रोती हुई मिली थी। एक राहगीर ने उसे इस हालत में देखा और स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बच्ची को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
दिवाली के लिए परिवार के साथ आई थी बाजार
जानकारी के मुताबिक, बच्ची का परिवार गुब्बारे बेचने का काम करता है। दिवाली के मौके पर परिवार के साथ वह बाजार आई थी। इसी दौरान उसके साथ कथित घटना हुई। बच्ची को टैक्सी स्टैंड के पास स्थित जर्जर इमारत के बाहर रोते देखकर एक राहगीर ने आसपास के लोगों को बुलाया। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
पहले जिला अस्पताल, फिर मेडिकल कॉलेज में भर्ती
पुलिस ने बच्ची को तत्काल मापुसा जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से उसे बेहतर इलाज के लिए गोवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। अधिकारियों के अनुसार, बच्ची की हालत अब स्थिर है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
CCTV फुटेज से आरोपी की पहचान की कोशिश
पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सकें। घटनास्थल और उसके आसपास आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। बच्ची के परिवार से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।





