दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट पर प्रशासन की सख्ती: 4 गाने नहीं गा सकेंगे सिंगर, 5 साल से छोटे बच्चों की एंट्री बैन

15 नवंबर को होगा कार्यक्रम; बाल संरक्षण अधिकारी ने मॉल प्रबंधन को जारी किया निर्देश, गानों के बोल को बताया बच्चों के लिए अनुचित
इंदौर। पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के इंदौर में होने वाले कॉन्सर्ट को लेकर प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। 15 नवंबर को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में दिलजीत अपने चार लोकप्रिय गाने नहीं गा सकेंगे। इसके अलावा पांच साल से कम उम्र के बच्चों को कॉन्सर्ट में एंट्री नहीं मिलेगी। प्रशासन का कहना है कि इन गानों के बोल कम उम्र के बच्चों पर गलत प्रभाव डाल सकते हैं।
इन चार गानों पर लगाई रोक
प्रशासन ने जिन गानों को कॉन्सर्ट में नहीं गाने के निर्देश दिए हैं, उनमें ‘5 तारा’, ‘जेब विचों फीम लब्बी आ’, ‘जट्ट उत्थे फायर करदा जित्थे पबंदी हथियार दी’ और ‘पटियाला पैग’ शामिल हैं। ये दिलजीत के लोकप्रिय गानों में गिने जाते हैं।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी और महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 6 नवंबर को मॉल प्रबंधन को इस संबंध में पत्र भेजा गया था। इसमें कार्यक्रम के दौरान इन गानों को नहीं बजाने के निर्देश दिए गए हैं। पत्र की प्रतिलिपि इंदौर कलेक्टर, संबंधित राजस्व अधिकारियों, महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त संचालक और विजय नगर थाना प्रभारी को भी भेजी गई है।
5 साल से कम उम्र के बच्चों को प्रवेश नहीं
प्रशासन ने कॉन्सर्ट में पांच साल से छोटे बच्चों के प्रवेश पर भी रोक लगाई है। निर्देशों के समर्थन में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 22 जुलाई 2019 के फैसले का हवाला दिया गया है।
पहले भी विवादों में रहा कार्यक्रम
दिलजीत का यह शो उनके ‘ऑरा इंडिया’ टूर का हिस्सा है। इससे पहले भी इंदौर कॉन्सर्ट को लेकर शिकायतें सामने आई थीं। कार्यक्रम से पहले बम से उड़ाने की धमकी मिलने की खबर भी आई थी। अब गानों पर रोक और बच्चों की एंट्री प्रतिबंधित किए जाने से कॉन्सर्ट चर्चा में है।





