ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

जनगणना-2027: दूसरे चरण के लिए 66 हजार प्रगणक होंगे तैनात, ट्रेनिंग शुरू

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके तहत 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक घर-घर जाकर परिवार के प्रत्येक सदस्य की गणना की जाएगी। इस काम के लिए प्रदेशभर में करीब 66 हजार प्रगणक और पर्यवेक्षक तैनात होंगे। इन्हें प्रशिक्षित करने के लिए 1,120 फील्ड ट्रेनर्स और 60 मास्टर ट्रेनर्स नामित किए गए हैं।

जनगणना के पहले चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का काम 1 से 30 मई 2026 तक पूरा किया जा चुका है। अब दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी। इसके लिए मास्टर ट्रेनर्स का राज्यस्तरीय प्रशिक्षण नवा रायपुर स्थित प्रशासन अकादमी में आयोजित किया जा रहा है।

16 जिलों के मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण पूरा

प्रशिक्षण दो बैच में कराया जा रहा है। पहले बैच का चार दिवसीय प्रशिक्षण 2 से 5 नवंबर तक पूरा हुआ। इसमें 16 जिलों के मास्टर ट्रेनर्स शामिल हुए। इन्हें राष्ट्रीय प्रशिक्षक अशोक मिश्र और प्रदीप कुमार साव ने प्रशिक्षण दिया।

इस दौरान जनगणना के दूसरे चरण की प्रक्रिया, प्रश्नावली भरने, प्रगणना की तकनीकी बारीकियों, मोबाइल एप्लीकेशन के इस्तेमाल, आंकड़ों के संकलन और उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने की जानकारी दी गई। व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि मास्टर ट्रेनर्स आगे जिला स्तर पर बेहतर तरीके से प्रशिक्षण दे सकें।

16 नवंबर से दूसरा बैच होगा शुरू

प्रशिक्षण का दूसरा बैच 16 से 19 नवंबर तक आयोजित होगा। इसमें भी दोनों राष्ट्रीय प्रशिक्षक मास्टर ट्रेनर्स को तैयार करेंगे। इसके बाद मास्टर ट्रेनर्स जिला स्तर पर फील्ड ट्रेनर्स और फील्ड ट्रेनर्स प्रगणकों व पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे।

मुख्य सचिव विकासशील के मार्गदर्शन और गृह विभाग की प्रमुख सचिव एवं राज्य नोडल अधिकारी निहारिका बारीक तथा जनगणना निदेशक कार्तिकेया गोयल के निर्देशन में यह प्रक्रिया चल रही है। प्रशासन का लक्ष्य जनगणना को समयबद्ध, व्यवस्थित और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करना है।

Related Articles

Back to top button