ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

20 लाख का कर्ज चुकाने टीचर और बेटे की हत्या, सहेली का पति गिरफ्तार

सूरजपुर में दोहरा हत्याकांड: महिला का गला घोंटा, 18 साल के बेटे को सीमेंट के टुकड़े से मारा; सबूत मिटाने के लिए हत्या

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में सरकारी स्कूल की शिक्षिका और उसके 18 वर्षीय बेटे की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रवेश कुमार (36) मृतका की सहेली का पति है। पुलिस के मुताबिक, उसने मोटर-पार्ट्स के कारोबार के लिए 20 लाख रुपए का लोन लिया था। इसकी किस्त चुकाने के लिए उसे पैसों की जरूरत थी। शिक्षिका के पैसे देने से मना करने पर उसने हत्या कर दी। वारदात की जानकारी बेटे को होने के डर से उसकी भी हत्या कर दी।

बाथरूम में गला घोंटकर महिला को मारा

मृतका रजनी बरेठ (40) बेलटिकरी के सरकारी स्कूल में शिक्षिका थीं। पति से तलाक के बाद वह अपने बेटे सुजल के साथ विश्रामपुर के केशवनगर में किराए के मकान में रहती थीं।

पुलिस के मुताबिक, 9 अक्टूबर को आरोपी रजनी के घर पहुंचा। शाम को रजनी के लौटने पर उसने पैसे मांगे। इनकार करने पर आरोपी ने झूमाझटकी की और उन्हें बाथरूम में खींच लिया। वहां शैंपू की बोतल से सिर पर वार करने के बाद गला घोंटकर हत्या कर दी।

बेटे को कार में बैठाकर ले गया

आरोपी को पता था कि सुजल घर लौटने पर मां और उसके वहां होने के बारे में जान सकता है। इसलिए उसने उसे भी मारने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने सुजल को कार में बैठाया और अंबिकापुर की ओर ले गया। बाद में राईं जंगल के पास उसके गले में कपड़ा कसकर मारने की कोशिश की। सुजल भागने लगा, तो आरोपी ने सीमेंट के टुकड़े से उसके सिर और सीने पर वार कर दिया।

10 अक्टूबर को सुजल का शव महावीरपुर में नेशनल हाईवे-43 से लगी सड़क के किनारे मिला था। बाद में घर का ताला तोड़ने पर रजनी का शव बाथरूम में मिला।

CCTV से मिला सुराग

पुलिस ने साइबर सेल की मदद से CCTV फुटेज और मोबाइल लोकेशन की जांच की। संदेह के आधार पर आरोपी को 22 अक्टूबर को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने दोनों हत्याएं कबूल कीं।

एसपी योगेश पटेल के मुताबिक, आरोपी के पास से मृतका का मोबाइल, जेवर और अन्य सामान बरामद किया गया है। वारदात में इस्तेमाल कार भी जब्त की गई है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया है।

Related Articles

Back to top button