StateNewsदेश - विदेश

उपचुनाव: नंदीग्राम में सुबह 9 बजे तक 20.89% मतदान, रेजीनगर में 18.05%; हुमायूं कबीर हिरासत में

तीन राज्यों की 5 विधानसभा और असम की एक लोकसभा सीट पर वोटिंग; मदुरंतकम में EVM पर निशान मिलने से कुछ देर मतदान रुका

दिल्ली। देश के तीन राज्यों की पांच विधानसभा सीटों और असम की एक लोकसभा सीट पर मंगलवार को उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर, तमिलनाडु की धारापुरम और मदुरंतकम तथा पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर वोट डाले जा रहे हैं। इसके साथ ही असम की नागांव लोकसभा सीट पर भी मतदान हो रहा है। चुनाव परिणाम 9 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम और रेजीनगर सीटों पर सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह दिखाई दिया। सुबह 9 बजे तक नंदीग्राम में 20.89%, जबकि रेजीनगर में 18.05% मतदान दर्ज किया गया। नंदीग्राम में भाजपा और विपक्षी दलों के बीच मुकाबला खास माना जा रहा है। भाजपा विधायक डॉ. शंकर कुमार गुछैत ने दोनों सीटों पर पार्टी की जीत का दावा किया है।

रेजीनगर में विधायक हुमायूं कबीर हिरासत में

मुर्शिदाबाद में मतदान के बीच आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख और विधायक हुमायूं कबीर को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस ने उन्हें रेजीनगर स्थित पार्टी कार्यालय से हिरासत में लिया। इससे पहले कबीर ने रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव में अपना वोट डाला था। हिरासत में लिए जाने की वजह को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

वहीं नंदीग्राम से कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान ने आरोप लगाया कि उनके पोलिंग एजेंट को कुछ लोगों ने उठा लिया। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों से इलाके में गुंडों को खुली छूट दी गई है। दूसरी ओर भाजपा नेता केया घोष ने दोनों सीटों पर बड़े अंतर से जीत का दावा किया है।

तमिलनाडु में भी मतदान जारी

तमिलनाडु की मदुरंतकम विधानसभा सीट पर सुबह 9:30 बजे तक 15.99% मतदान दर्ज किया गया। वहीं धारापुरम सीट पर भी मतदाता वोट डाल रहे हैं। धारापुरम से AIADMK प्रत्याशी भानुमति ने मतदान किया। TVK उम्मीदवार पी. सत्यभामा ने भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

मदुरंतकम के थंदराई गांव के एक मतदान केंद्र पर EVM के बटन पर काली स्याही का निशान मिलने के बाद कुछ समय के लिए मतदान रोक दिया गया। मतदाताओं और पार्टी एजेंटों ने इसकी शिकायत की थी।

पुडुचेरी में 9 बजे तक 19.2% वोटिंग

पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर सुबह 9 बजे तक करीब 19.2% मतदान हुआ। इस सीट पर कुल 11 उम्मीदवार मैदान में हैं। निर्वाचन क्षेत्र में 26,921 मतदाता हैं, जिनमें 14,341 महिलाएं, 12,575 पुरुष और पांच ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

उपचुनाव को देखते हुए सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। चुनाव आयोग की निगरानी में मतदान प्रक्रिया जारी है। अलग-अलग सीटों पर सामने आ रही शिकायतों और घटनाओं के बीच प्रशासन शांतिपूर्ण मतदान कराने में जुटा है। अब सभी की नजर दिनभर के मतदान प्रतिशत और 9 अक्टूबर को आने वाले चुनाव परिणाम पर रहेगी।

Related Articles

Back to top button