StateNewsदेश - विदेश

कैप्टन स्मित पर हमले के आरोपी को-पायलट की पहचान: ओमानी नागरिक हमाम अल-हमामी पर कट्टरपंथी विचारों का आरोप

नई दिल्ली। फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला करने वाले को-पायलट की पहचान सामने आई है। रिपोर्टों के मुताबिक आरोपी की पहचान 29 वर्षीय ओमानी नागरिक हमाम अल-हमामी के रूप में हुई है। इजराइली अधिकारियों और सऊदी मीडिया ने भी उसकी पहचान की पुष्टि की है।

रिपोर्टों के अनुसार हमाम पहले ओमान एयर में काम कर चुका था। 2024 में प्रशिक्षण के दौरान उसके पास कथित तौर पर चरमपंथी सामग्री मिलने के बाद उसे उड़ान से हटा दिया गया था। अधिकारियों के मुताबिक उस समय उसे सुरक्षा जोखिम के तौर पर देखा गया था। बाद में उसने दूसरी विमानन कंपनियों में काम किया और अंततः फ्लाईदुबई में को-पायलट के रूप में नौकरी हासिल कर ली।

जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, हमाम के कट्टरपंथी विचारों पर पहले भी ध्यान गया था। रिपोर्टों में कहा गया है कि सीरिया में बिताए समय के दौरान उसके विचार प्रभावित हुए थे। हालांकि इन दावों और उसके मौजूदा हमले के बीच संबंधों की जांच अभी जारी है।

उड़ान के दौरान कैप्टन पर किया हमला

30 सितंबर को फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। इसी दौरान कॉकपिट में को-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर कथित तौर पर हमला किया। घटना के बाद विमान को आपात स्थिति में सऊदी अरब के ताबुक की ओर मोड़ा गया। रिपोर्टों के मुताबिक कैप्टन और यात्रियों की मदद से आरोपी को काबू किया गया और विमान सुरक्षित उतारा गया।

जांच एजेंसियां खंगाल रहीं रिकॉर्ड

घटना के बाद यूएई और इजराइल की एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। जांच में हमाम के पुराने रोजगार, सुरक्षा रिकॉर्ड और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है। कुछ रिपोर्टों में उसके पुराने सोशल मीडिया पोस्ट का भी उल्लेख है, हालांकि जांच पूरी होने तक इनसे जुड़े दावों की स्वतंत्र पुष्टि और घटना से संबंध स्पष्ट होना बाकी है।

Related Articles

Back to top button