StateNewsदेश - विदेशमनोरंजन

प्रत्युषा बनर्जी सुसाइड केस में राहुल राज सिंह को राहत, बॉम्बे हाईकोर्ट ने किया डिस्चार्ज

दिल्ली। मुंबई में टीवी एक्ट्रेस प्रत्युषा बनर्जी की मौत से जुड़े मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट ने अभिनेता राहुल राज सिंह को डिस्चार्ज कर दिया है। कोर्ट के इस फैसले के बाद राहुल के खिलाफ प्रत्युषा को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में ट्रायल नहीं चलेगा। यह मामला करीब 10 साल से कानूनी प्रक्रिया में था।

प्रत्युषा बनर्जी को टीवी शो ‘बालिका वधू’ में आनंदी के किरदार से पहचान मिली थी। 1 अप्रैल 2016 को उन्हें मुंबई के गोरेगांव स्थित किराए के फ्लैट में मृत पाया गया था। उस समय वह राहुल राज सिंह के साथ रिलेशनशिप में थीं और दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।

आखिरी फोन बातचीत को कोर्ट ने माना अहम

जस्टिस एसजी डिगे की बेंच ने प्रत्युषा की मौत से कुछ समय पहले राहुल और उनके बीच हुई फोन बातचीत के ट्रांसक्रिप्ट पर गौर किया। कोर्ट के सामने रखे गए ट्रांसक्रिप्ट के मुताबिक, राहुल प्रत्युषा को कोई बड़ा कदम उठाने से रोकते नजर आए।

राहुल ने बातचीत के दौरान बताया था कि उन्होंने अपनी कार वापस मोड़ ली है और वह प्रत्युषा से मिलने आ रहे हैं। उनके वकीलों ने इसी बातचीत को आधार बनाते हुए कहा कि राहुल की ओर से आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप प्रथम दृष्टया नहीं बनता।

माता-पिता ने लगाए थे गंभीर आरोप

प्रत्युषा के माता-पिता ने राहुल पर आत्महत्या के लिए उकसाने के साथ मारपीट और मानसिक-शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। पुलिस ने मामले की जांच के बाद 2018 में चार्जशीट दाखिल की थी।

इसके बाद राहुल ने केस से डिस्चार्ज करने के लिए सेशंस कोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसे खारिज कर दिया गया। इसके बाद उन्होंने बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया।

वकीलों ने FIR और सुसाइड नोट का मुद्दा उठाया

राहुल की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता आबाद पोंडा और एडवोकेट श्रेयांश मिठारे ने दलील दी कि आखिरी बातचीत में राहुल प्रत्युषा को समझाने और रोकने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राहुल खुद उनसे मिलने के लिए लौट रहे थे।

बचाव पक्ष ने यह भी कहा कि मामले में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला था और इसके बावजूद राहुल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की FIR दर्ज की गई। हाईकोर्ट ने राहुल की डिस्चार्ज याचिका मंजूर कर ली।

‘बालिका वधू’ से मिली थी पहचान

प्रत्युषा बनर्जी ने 2010 में टीवी शो ‘रक्त संबंध’ से करियर शुरू किया था। इसके बाद वह ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में नजर आईं। ‘बालिका वधू’ में आनंदी की भूमिका ने उन्हें देशभर में लोकप्रिय बनाया।

इसके अलावा उन्होंने ‘झलक दिखला जा’, ‘बिग बॉस 7’, ‘हम हैं ना’, ‘ससुराल सिमर का’ और ‘गुलमोहर ग्रैंड’ जैसे शोज में काम किया था। राहुल राज सिंह ने भी कई टीवी शोज में अभिनय किया था।

Related Articles

Back to top button