होटल में बैंककर्मी की लाश मिली, नाश्ते के बाद लौटने की बात कहकर प्रेमी फरार

हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के एक होटल में 34 वर्षीय बैंककर्मी महिला बी. सिरिशा का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसके साथ होटल में ठहरे ए. श्रीनिवास की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने होटल में फर्जी नाम और पहचान दस्तावेजों के आधार पर कमरा लिया था।
पुलिस के अनुसार, सिरिशा विकाराबाद जिले के नगासमुद्रम की रहने वाली थीं और एक बैंक में कस्टमर-केयर एग्जीक्यूटिव के रूप में काम करती थीं। वह 24 सितंबर को श्रीनिवास के साथ एसआर नगर स्थित गोकुल प्राइड होटल पहुंची थीं। दोनों कमरा नंबर 10 में ठहरे थे। होटल रिकॉर्ड में श्रीनिवास ने अपना नाम ‘गणेश’ और महिला का नाम ‘दुर्गा’ दर्ज कराया था।
नाश्ते के बाद चेक-आउट की बात कही
मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे श्रीनिवास होटल से निकल गया। उसने रिसेप्शन स्टाफ से कहा कि सिरिशा सुबह नाश्ता करने के बाद चेक-आउट करेंगी। काफी देर तक कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर होटल कर्मचारियों को शक हुआ। फोन करने के बावजूद जवाब नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मास्टर चाबी से कमरा खुलवाया तो बेड पर सिरिशा का शव पड़ा मिला। पुलिस को उसके शरीर पर चोट के कई निशान भी मिले हैं। आशंका है कि किसी भारी या नुकीली वस्तु से हमला किया गया। पर्दे की रॉड के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी।
CCTV और फोरेंसिक जांच जारी
जुबली हिल्स के डीसीपी ए. रमना रेड्डी के मुताबिक, दोनों के बीच रात में विवाद होने की आशंका है। एसआर नगर पुलिस ने BNS की धारा 103(1) के तहत हत्या का केस दर्ज किया है। क्लूज टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं। होटल के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपी श्रीनिवास की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं। पुलिस फर्जी नाम से होटल में एंट्री और सिरिशा के पुराने विवादों से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।





