StateNewsदेश - विदेश

हिमाचल में बर्फबारी से बढ़ी ठंड, राजस्थान में ओले; यूपी के 17 जिलों में बारिश का अलर्ट

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून की विदाई के बीच मौसम का मिजाज बदला हुआ है। हिमाचल प्रदेश के मनाली की ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी हुई है। बारिश और बर्फबारी के कारण प्रदेश में तापमान तेजी से गिरा है। चंबा का अधिकतम तापमान सामान्य से 10.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। शिमला में भी तापमान 6.2 डिग्री तक पहुंच गया है।

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फंसे पर्वतारोहियों, ट्रैकर्स और सपोर्ट स्टाफ को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। 136 लोगों में से 85 को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि 51 लोग अभी भी फंसे हुए हैं। हालांकि प्रदेश में अब मौसम में सुधार के संकेत हैं। उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग समेत 5 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

राजस्थान में सोमवार को वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से जयपुर, बीकानेर और चूरू में बारिश के साथ ओले गिरे। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर में धूलभरी आंधी चली और दिन में ही अंधेरा छा गया। शेखावाटी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2-3 दिनों में तापमान 3-4 डिग्री बढ़ सकता है।

उत्तर प्रदेश में बारिश के बीच 8 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। नेपाल से पानी छोड़े जाने के बाद कुशीनगर में गंडक नदी में बाढ़ से दो गांवों के करीब 1,400 परिवार प्रभावित हैं। करीब 600 परिवार तटबंध पर शरण लिए हुए हैं। मंगलवार को प्रदेश के 17 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

बिहार के बगहा-चंपारण में तटबंध टूटने से रिहायशी इलाकों में पानी घुस गया। वहीं मध्य प्रदेश में अगले चार दिन बारिश की गतिविधियां कम रहने और तेज धूप निकलने का अनुमान है।

Related Articles

Back to top button