छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के ट्रायल में 223 खिलाड़ी उतरे

पहले सीजन के लिए दो दिवसीय चयन प्रक्रिया शुरू, अरुण साव ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर बढ़ाया हौसला
रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (CHL) के पहले सीजन के लिए खिलाड़ियों के चयन का दो दिवसीय ट्रायल सोमवार से रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में शुरू हुआ। ट्रायल के पहले दिन पंजीकृत 373 खिलाड़ियों में से 223 खिलाड़ी मैदान पर पहुंचे और चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने ट्रायल स्थल पहुंचकर खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों से बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हॉकी की जड़ें मजबूत हैं और खिलाड़ियों का उत्साह इसका प्रमाण है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का उद्देश्य प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को ऐसा मंच देना है, जहां उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने का अनुभव मिले।
छह टीमों के लिए होगा खिलाड़ियों का चयन
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में शामिल होने वाली छह टीमों के खिलाड़ियों के चयन के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से ट्रायल आयोजित किया जा रहा है। पूरी प्रक्रिया छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के निर्धारित नियमों और मापदंडों के अनुसार हो रही है। खेल अधिकारियों, हॉकी विशेषज्ञों, संघ के पदाधिकारियों और वरिष्ठ खिलाड़ियों के पैनल की निगरानी में खिलाड़ियों का प्रदर्शन परखा जा रहा है।
29 सितंबर को भी सुबह 9 बजे से ट्रायल जारी रहेगा। प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित खिलाड़ियों की सूची और प्रतिवेदन खेल संचालनालय को सौंपा जाएगा। इसी आधार पर लीग की छह टीमों का गठन किया जाएगा।
21 अक्टूबर से शुरू होगा पहला सीजन
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का पहला सीजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में होगा। इसमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकोट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स छह टीमें हिस्सा लेंगी। प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ी होंगे। इनमें 18 खिलाड़ी छत्तीसगढ़ के और चार राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल होंगे।
लीग की टैगलाइन ‘चलो रे संगी, हॉकी खेलबो’ रखी गई है। इसका उद्देश्य प्रदेश में हॉकी के लिए बेहतर अवसर तैयार करना और उभरती प्रतिभाओं को प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराना है।





