MCB में 8 क्विंटल गांजा जब्त, ओडिशा से कटनी ले जा रहे थे खेप

नागपुर हाईवे पुलिस चौकी की कार्रवाई; दो पिकअप वाहन पकड़े, तस्करी के नेटवर्क की जांच शुरू
एमसीबी। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। नागपुर हाईवे पुलिस चौकी की टीम ने दो पिकअप वाहनों को रोककर तलाशी ली। दोनों वाहनों से करीब 8 क्विंटल गांजा बरामद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम रविवार सुबह इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान हाईवे पर दो संदिग्ध पिकअप वाहन नजर आए। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहनों में बड़ी मात्रा में गांजा मिला। इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया।
ओडिशा से कटनी ले जाने की जानकारी
पुलिस के अनुसार, दोनों पिकअप वाहन ओडिशा नंबर के बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक पूछताछ में गांजे की खेप ओडिशा से मध्यप्रदेश के कटनी ले जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किसे सौंपा जाना था।
चार महिलाओं के शामिल होने की बात
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों वाहनों में चालक के साथ अन्य लोग भी मौजूद थे। इनमें चार महिलाओं के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। वहीं कुछ महिलाओं के मौके से फरार होने की बात भी कही जा रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से आरोपियों और फरार लोगों को लेकर अभी विस्तृत आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
पुलिस ने जब्त गांजे और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का फोकस गांजे की सप्लाई से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने पर है।





