छत्तीसगढ़ में बारिश से बाढ़ जैसे हालात: रायपुर का महादेवघाट पुल 12 साल बाद डूबा, दुर्ग में 55 लोगों का रेस्क्यू

रायपुर। छत्तीसगढ़ में करीब 36 घंटे हुई लगातार बारिश के बाद शनिवार को बारिश का दौर कुछ थमा, लेकिन कई जिलों में बाढ़ और जलभराव के हालात बने हुए हैं। रायपुर में खारून नदी के उफान पर आने से महादेवघाट पुल से करीब 2 फीट ऊपर पानी बह रहा है। पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोक दी गई है। बताया जा रहा है कि करीब 12 साल बाद पुल इस तरह पानी में डूबा है।
दुर्ग के कुम्हारी क्षेत्र में शिवनाथ नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद परसदा स्थित जगदीश बाड़ी की बस्तियों में पानी पहुंच गया। यहां रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में नगर सेना और SDRF ने 50-55 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सुबह करीब 5:30 से 7:30 बजे तक दूसरे ऑपरेशन में 60 लोगों को राहत स्थल पहुंचाया गया। इनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे।
धमतरी में पुल पार करते समय बही कार
धमतरी के भखारा-जोरातराई मार्ग पर पानी से भरे पुल को पार करते समय एक कार तेज बहाव में बह गई। कार में सवार दो लोगों ने कांच तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। गंगरेल डैम के 14 गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। आसपास के 12 गांवों में अलर्ट जारी किया गया है और 5 परिवारों के 25 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।
रायपुर समेत कई जिलों में जलभराव
रायपुर की इंद्रप्रस्थ कॉलोनी, भाठागांव, प्रोफेसर कॉलोनी और काठाडीह BSUP कॉलोनी में पानी भर गया है। इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में सुरक्षा के लिए बिजली बंद की गई है। गरियाबंद में रायपुर-देवभोग मार्ग पर बाढ़ में फंसी बस से करीब 50 यात्रियों को रस्सी की मदद से बाहर निकाला गया।
बस्तर में 9 राहत शिविरों में 380 से ज्यादा लोगों को शिफ्ट किया गया है। लैंडस्लाइड के कारण किरंदुल-विशाखापट्टनम रूट की 6 ट्रेनें और जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट रद्द हुई है। प्रदेश के सभी स्कूलों में शनिवार को अवकाश है।
आज भी भारी बारिश और तेज हवा का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी है। 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। रायपुर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बस्तर, कांकेर, राजनांदगांव समेत कई जिलों में लोगों को नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है।





